विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली के बाद जहरीली हुई ओडिशा की हवा, केंदुझर के बिलेइपदा में AQI 288 पर पहुंचा

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:42 AM (IST)

दीपावली के बाद ओडिशा में वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ा है, जिसमें क्योंझर के बिलेइपदा में सर्वाधिक 288 एक्यूआई दर्ज किया गया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. क्योंझर के बिलेइपदा में सर्वाधिक 288 एक्यूआई दर्ज।

  2. भुवनेश्वर सहित कई शहरों की हवा 'खराब' श्रेणी में।

  3. दीपावली के बाद प्रदूषण से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ीं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। दीपावली के जश्न के बाद ओडिशा में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। रविवार को दीपावली के दौरान जमकर आतिशबाजी और पटाखे फोड़े जाने के कारण राज्य के कई शहरों की हवा जहरीली हो गई है।

राज्य में सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 288 क्योंझर जिले के बिलेइपदा में दर्ज किया गया। इसके बाद तालचर में 266 और राजधानी भुवनेश्वर में 207 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इन तीनों स्थानों पर वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी भुवनेश्वर के कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा है। लिंगराज मंदिर निगरानी केंद्र में सोमवार सुबह एक्यूआई 242 दर्ज किया गया, जो खराब वायु गुणवत्ता का संकेत है।

वहीं, पटिया इलाके में एक्यूआई 171 रिकॉर्ड किया गया। लिंगराज मंदिर क्षेत्र में रविवार रात पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर 500 तक पहुंच गया था। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

इस बीच कटक, बारीपदा, बालेश्वर और बड़बिल में भी वायु गुणवत्ता मध्यम (मॉडरेट) श्रेणी में बनी रही। दीपावली के बाद प्रदूषण में हुई इस बढ़ोतरी ने राज्यभर में लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता पैदा कर दी है।

पटाखों के धुएं से धुंधली हुई राजधानी की हवा

दीपावली की रात राजधानी भुवनेश्वर के कई इलाके पटाखों के धुएं से ढक गए। पूरी रात आतिशबाजी और पटाखे फोड़े जाने के कारण वातावरण में धुआं फैल गया।

कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई। स्थिति ऐसी हो गई कि कुछ मीटर की दूरी पर भी साफ देख पाना मुश्किल हो रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने के बावजूद धुआं घरों के अंदर तक पहुंच रहा था। कई लोगों ने सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत की।

वहीं, परिवारों को बच्चों, बुजुर्गों और अन्य सदस्यों के स्वास्थ्य पर प्रदूषण के संभावित असर को लेकर चिंता सताने लगी।

सोमवार सुबह लिंगराज मंदिर निगरानी केंद्र में एक्यूआई 242 दर्ज किया गया। सामान्य तौर पर 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छी वायु गुणवत्ता माना जाता है, जबकि 200 से अधिक का स्तर खराब श्रेणी में आता है।

गौरतलब है कि भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी), राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों की ओर से दीपावली के दौरान प्रदूषण नियंत्रण और निर्धारित प्रतिबंधों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया था।

इसके बावजूद दीपावली के बाद राजधानी में वायु प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो गई। इससे प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

यह भी पढ़ें- ओडिशा: नंदनकानन में ही रहेंगे 5 ओरंगुटान, इंडोनेशिया की ओर से नहीं मिला कोई मालिकाना हक का सबूत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।