ओडिशा: नंदनकानन में ही रहेंगे 5 ओरंगुटान, इंडोनेशिया की ओर से नहीं मिला कोई मालिकाना हक का सबूत
ओडिशा सरकार ने दो महीने पहले बचाए गए पांच शिशु ओरंगुटानों को नंदनकानन प्राणी उद्यान में स्थायी रूप से रखने का फैसला किया है।

नंदनकानन चिड़ियाघर में ऑरंगुटान के बच्चे। (जागरण)
HighLights
पांच शिशु ओरंगुटानों को नंदनकानन में स्थायी रखा जाएगा।
किसी देश ने मालिकाना हक का आधिकारिक दावा नहीं किया।
नंदनकानन में विशेषज्ञों की निगरानी में हो रही देखभाल।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के जंगल से करीब दो महीने पहले बचाए गए पांच शिशु ओरंगुटानों को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इन सभी शावकों को अब नंदनकानन प्राणी उद्यान में ही स्थायी रूप से रखने की योजना बनाई जा रही है।
राज्य के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंह खूंटिया ने स्पष्ट किया है कि इन ओरंगुटानों के मालिकाना हक को लेकर अब तक इंडोनेशिया या किसी अन्य देश की ओर से कोई आधिकारिक दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल इन्हें ओडिशा में ही रखने की तैयारी है।
मंत्री के अनुसार, जंगल से बचाए जाने के बाद पांचों शिशु ओरंगुटानों को नंदनकानन चिड़ियाघर में सुरक्षित रखा गया है। यहां विशेषज्ञों की निगरानी में उनकी देखभाल की जा रही है।
सभी शावकों का स्वास्थ्य ठीक है और उनकी जरूरतों के अनुरूप भोजन, चिकित्सा तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिड़ियाघर प्रशासन उनकी गतिविधियों और स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहा है।
मालिकाना हक पर अब तक कोई दावा प्रमाणित नहीं
इन पांचों ओरंगुटानों के मिलने के बाद उनके मूल स्थान और मालिकाना हक को लेकर सवाल उठे थे। आशंका जताई जा रही थी कि ये दूसरे देश से तस्करी कर भारत लाए गए होंगे।
इसी क्रम में इंडोनेशिया सहित अन्य संभावित देशों की ओर से इनके स्वामित्व को लेकर दावे किए जाने की संभावना थी। हालांकि, वन मंत्री ने साफ किया है कि अभी तक किसी भी देश ने इनके मालिकाना हक के समर्थन में कोई वैध और आधिकारिक दस्तावेज सरकार को नहीं सौंपा है।
सरकार का मानना है कि वन्यजीवों के मामले में किसी भी प्रकार का निर्णय लेने से पहले उनके वास्तविक मूल स्थान और कानूनी स्थिति की पुष्टि जरूरी है। इसके लिए संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों का सत्यापन किया जाना आवश्यक है।
नंदनकानन में मिलेगी स्थायी सुरक्षा
वन विभाग की योजना है कि पांचों ओरंगुटानों को नंदनकानन में ही रखा जाए। इसके लिए उनके अनुकूल वातावरण, सुरक्षित आवास, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। चिड़ियाघर में वन्यजीव विशेषज्ञों की देखरेख में उनके विकास और व्यवहार पर भी नजर रखी जाएगी।
ओरंगुटान दुनिया के दुर्लभ और संकटग्रस्त प्राइमेट जीवों में शामिल हैं। इनका प्राकृतिक आवास मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ द्वीपों के वर्षावनों में है। जंगलों की कटाई, अवैध वन्यजीव व्यापार और प्राकृतिक आवास के नष्ट होने के कारण इनकी आबादी पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ऐसे में ओडिशा में पांच शिशु ओरंगुटानों का संरक्षण वन्यजीव सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि इन्हें नंदनकानन में स्थायी रूप से रखने का निर्णय लागू होता है तो चिड़ियाघर में इनके संरक्षण और देखभाल की दीर्घकालिक व्यवस्था करनी होगी। फिलहाल पांचों शावक स्वस्थ हैं और नंदनकानन में विशेषज्ञों की निगरानी में सुरक्षित हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।