विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Odisha Weather: ओडिशा में रात के न्यूनतम तापमान में नहीं हो रहा है सुधार, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Fri, 13 Jan 2023 10:40 AM (IST)

ओडिशा में हाल के दिनों में रात के न्‍यूनतम तापमान में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है इसलिए ...और पढ़ें

राजधानी भुवनेश्वर में सुबह के समय छाया घना कोहरा
राजधानी भुवनेश्वर में सुबह के समय छाया घना कोहरा

जासं, भुवनेश्वर। रात के न्यूनतम तापमान में सुधार नहीं होने से राज्य में ठंड जारी है। जी. उदयगिरि में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मध्य भारत में सक्रिय तनाव प्रणाली अब पूर्व की ओर बढ़ रही है और ओडिशा पर अपना जाल फैला रही है, जल वाष्प से भरी गर्म समुद्री हवा का प्रभाव बढ़ेगा और सर्दियों में कमी आएगी। वातावरण में नमी बढ़ने से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ जिलों में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।

कोहरे की वजह से उपनगरीय जिलों में जारी येलो अलर्ट

घने कोहरे के कारण दृश्यता की दूरी 200 से 50 मीटर के बीच रहने के कारण तट सहित उपनगरीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य विशेष राहत आयोग (एसआरसी) ने सभी जिला कलेक्टर और एसपी को अलर्ट कर दिया है। पुलिस और परिवहन अधिकारी घने कोहरे के दौरान राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर वाहन प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करेंगे। जिला कलेक्टर और एसपी को सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

इन जगहों में कोहरे से मई तक नहीं राहत

प्राप्त जानकारी अनुसार, राजधानी भुवनेश्वर एवं कटक के साथ बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी और मयूरभंज जिले में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। क्योंझर, अनुगुल, ढेंकनाल, कटक, नयागढ़ और कंधमाल में 13 मई की रात से 14 मई की सुबह तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि तटीय जिलों के साथ-साथ गजपति और मयूरभंज में मध्यम कोहरा छाया रहेगा।

अगले दो दिनों तक मौसम के शुष्‍क रहने की संभावना

अगले 24 घंटों और 15 तारीख की सुबह तक अनुगुल, ढेंकनाल, कटक, सोनपुर, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने के साथ बौद्ध, क्योंझर, सुंदरगढ़, देवगढ़ और संबलपुर जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। कोहरे के बारे में मौसम विज्ञान केंद्र से कोई आकलन नहीं किया गया है।

तापमान में दर्ज की गई एक से दो डिग्री की वृद्धि

पिछले 24 घंटों के दौरान कटक और भुवनेश्वर सहित तटीय जिलों के अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। दोनों शहरों में न्यूनतम दृश्यता दूरी 100 मीटर दर्ज की गई। अनुगुल और उत्तरी आंतरिक ओडिशा में एक या दो स्थानों पर मध्यम कोहरा छाया रहा। तटीय और उत्तरी आंतरिक जिलों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। जी. उदयगिरि के अलावा सिमलीगुडा में 6.4, फूलबानी में 7, कोरापुट में 7.5, राउरकेला में 7.8, किरेई में 8, दरिंगबाड़ी में 8.5, झारसुगुड़ा में 8.8, सुंदरगढ़ में 9, चिपिलिमा में 9.2, नबरंगपुर में 9.4, रानीताल और नयागढ़ में 10-10 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- गंजाम के कंधमाली में मिला हाथी के बच्चे का शव, सीमायी क्षेत्रों में हाथियों की लगातार हो रही मौत चिंता का विषय

हॉकी विश्‍वकप के लिए तैयार ओडिशा, टूर्नामेंट के लिए शुरू हुई दो नई विशेष ट्रेनें, खेल प्रेमियों को होगी सुविधा