ओडिशा में लगातार बारिश से बढ़ी टेंशन: कमजोर तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी, हर खतरे से निपटने को विभाग तैयार
जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार बारिश के कारण मरम्मत किए गए तटबंधों और कमजोर नदी तटबंधों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसका उद्देश्य मरम्मत कार्यों की मजबूती, स्थायित्व और जन सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

ओडिशा में लगातार बारिश से बढ़ी टेंशन (जागरण फोटो)
HighLights
जल संसाधन विभाग कर रहा तटबंधों का निरीक्षण।
मरम्मत कार्यों की मजबूती, स्थायित्व सुनिश्चित किया जा रहा।
जन सुरक्षा हेतु नियमित निगरानी, तत्काल कार्रवाई जारी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी और अभियंता विभिन्न मरम्मत किए गए तटबंधों, कमजोर नदी तटबंधों और महत्वपूर्ण जल संसाधन परियोजनाओं की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मरम्मत कार्यों की मजबूती, स्थायित्व और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में अधिकारियों ने ऋषिकुल्या नदी के बाएं बाढ़ नियंत्रण तटबंध पर भीमपुर, कोलिडासपुर और पुरुषोत्तमपुर क्षेत्र के कुमारी गांव के पास पहले मरम्मत किए गए तटबंध टूटने वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तटबंधों की स्थिरता, पानी के बहाव और मिट्टी के कटाव जैसी संभावित समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसके अलावा हीराधराबती एनीकट के पास तटबंध टूटने वाले स्थान पर किए गए मरम्मत कार्यों और उससे जुड़ी बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
वहीं, एक अन्य निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी, सहायक अभियंता और क्षेत्रीय कर्मचारियों ने पिलासालिकी डैम तथा उसके गेट रहित जल निकासी मार्ग की स्थिति का जायजा लिया।
जल संसाधन विभाग की ओर से कमजोर और संवेदनशील स्थानों पर लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण किया जा रहा है। मरम्मत किए गए तटबंधों और जल संसाधन संबंधी बुनियादी ढांचे की नियमित निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह सतर्कतापूर्ण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' का तांडव शुरू: गोपालपुर में लैंडफॉल, पुरी-कोणार्क तट खाली