विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: मृदा संरक्षण उप निदेशक के 8 ठिकानों पर रेड, आय से अधिक संपत्ति का मामला

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:45 AM (GMT+05:30)

ओडिशा विजिलेंस ने सुंदरगढ़ के मृदा संरक्षण उप निदेशक प्रसन्न कुमार पात्रा के आय से अधिक संपत्ति मामले में भुवनेश्वर, सुंदरगढ़ और कटक सहित आठ ठिकानों पर छापेमारी की।

ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन

ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन

HighLights

  1. मृदा संरक्षण उप निदेशक पात्रा पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप।

  2. विजिलेंस ने भुवनेश्वर, सुंदरगढ़, कटक में आठ ठिकानों पर की छापेमारी।

  3. अधिकारी की चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच जारी।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोपों के घेरे में आए सुंदरगढ़ के मृदा संरक्षण उप निदेशक सह वाटरशेड परियोजना निदेशक प्रसन्न कुमार पात्रा के आठ ठिकानों पर शुक्रवार को ओडिशा विजिलेंस ने एक साथ छापेमारी की। 

यह सघन कार्रवाई अधिकारी के भुवनेश्वर, सुंदरगढ़ और कटक स्थित आवास, कार्यालय और रिश्तेदारों के घर पर की जा रही है। विजिलेंस की इस त्वरित कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

चल-अचल संपत्तियों का बारीकी से आकलन

विजिलेंस विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी सुंदरगढ़ के विशेष विजिलेंस न्यायाधीश द्वारा जारी किए गए सर्च वारंट के आधार पर की जा रही है। 

भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे इस बड़े अभियान में विजिलेंस के एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), चार पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), 13 इंस्पेक्टर, पांच सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) और अन्य सहायक कर्मचारियों की कई टीमें शामिल हैं। जांच टीमें अधिकारी की चल-अचल संपत्तियों का बारीकी से आकलन कर रही हैं।

ससुराल में भी विजिलेंस की टीमें लगातार तलाशी ले रही

जांच के दायरे में आए आठ प्रमुख स्थानों में भुवनेश्वर के नयापल्ली स्थित श्रावणी रेजीडेंसी की दूसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 8, भुवनेश्वर के ही मंचनाथ विला के फेज-2 में स्थित तीन दोमंजिला आवासीय भवन (एम-105, एम-110 और एम-115) और बलियंता में एक अन्य दोमंजिला इमारत शामिल है। 

इसके साथ ही, सुंदरगढ़ स्थित मृदा संरक्षण उप निदेशक सह वाटरशेड परियोजना निदेशक कार्यालय में उनके कक्ष, कार्यालय के सामने स्थित उनके सरकारी आवास तथा कटक जिले के बांकी थाना अंतर्गत चर्चिका गांव में उनके ससुराल में भी विजिलेंस की टीमें लगातार तलाशी ले रही हैं।

बैंक खातों और निवेशों को खंगाला जा रहा

आय से अधिक संपत्ति के इस हाई-प्रोफाइल मामले में फिलहाल विजिलेंस की यह कार्रवाई जारी है और अधिकारी से जुड़े तमाम वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेशों को खंगाला जा रहा है। 

जांच पूरी होने और संपत्तियों का पूर्ण मूल्यांकन होने के बाद ही बेहिसाब संपत्ति के वास्तविक आंकड़े सामने आ सकेंगे। विभाग को इस संबंध में आगे के विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में CBI का एक्शन: 12000 रिश्वत लेते धराया EMRS का प्रिंसिपल, ANM से मांगी थी घूस