ओडिशा विजिलेंस का बड़ा एक्शन, मरे हुए कर्मचारियों के नाम पर 1.23 करोड़ का गबन करने वाला सहायक गिरफ्तार
ओडिशा सतर्कता विभाग ने सतकोसिया वन्यजीव प्रभाग के वरिष्ठ सहायक अजय कुमार नायक को 1.23 करोड़ रुपये से अधिक के सरकारी धन के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है।

1.23 करोड़ का गबन करने वाला सहायक गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
ओडिशा विजिलेंस ने वरिष्ठ सहायक अजय कुमार नायक को गिरफ्तार किया।
नायक पर 1.23 करोड़ रुपये से अधिक के गबन का आरोप।
मृत कर्मचारियों के नाम पर फर्जी दावे बनाकर पैसे निकाले।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने 1.23 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि के गबन के मामले में सतकोसिया वन्यजीव प्रभाग के वरिष्ठ सहायक अजय कुमार नायक को गिरफ्तार किया है। वह अनुगुल जिले में डीएफओ कार्यालय के स्थापना अनुभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थे।
वित्तीय अनियमितता का खुलासा होने के बाद वह अक्टूबर 2026 से फरार थे। विजिलेंस की एक विशेष टीम ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और गुरुवार रात अनुगुल शहर में उस समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जब वह कार से अपने घर जा रहे थे।
1.23 करोड़ रुपये से अधिक के गबन की शिकायत
सरकारी धन के 1.23 करोड़ रुपये से अधिक के गबन की शिकायत मिलने के बाद ओडिशा विजिलेंस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि अजय कुमार नायक ने स्थापना अनुभाग में तैनाती के दौरान सुनियोजित तरीके से सरकारी राशि का गबन किया।

अजय कुमार नायक (सौ. जागर)
उनके जिम्मे कार्यालय के कर्मचारियों के वेतन, अप्रयुक्त अवकाश के बदले मिलने वाले वेतन और बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया संभालने की जिम्मेदारी थी।
जांच में पता चला कि आरोपित ने एक जनवरी 2019 से 30 जून 2025 के बीच कुल 1,23,52,547 रुपये का गबन किया।
मृत कर्मचारियों के नाम पर निकाले पैसे
आरोप है कि उन्होंने एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल में ऑनलाइन भुगतान के रिकार्ड से छेड़छाड़ कर सेवानिवृत्त और मृत कर्मचारियों के नाम पर अप्रयुक्त अवकाश वेतन तथा बकाया राशि के फर्जी दावे तैयार किए। इसके बाद वास्तविक लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने के बजाय अपने बैंक खाते और दो सहयोगियों के बैंक खातों में सरकारी धन स्थानांतरित कर दिया। इसके लिए कोषागार के माध्यम से एनईएफटी का इस्तेमाल किया गया।
इस मामले में कटक विजिलेंस थाने में केस संख्या 44/2026 दर्ज किया गया है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- कफ सिरप की काली कमाई से बिहार से मंगाते थे हथियार, राउरकेला में 11.63 लाख कैश संग दो तस्कर गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।