विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कफ सिरप की काली कमाई से बिहार से मंगाते थे हथियार, राउरकेला में 11.63 लाख कैश संग दो तस्कर गिरफ्तार

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:05 PM (IST)

राउरकेला में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को 11.63 लाख रुपये नकद और दो देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कफ सिरप की अवैध बिक्री से कमाए पैसों से बिहार से हथियार खरीदते थे और ओडिशा के विभिन्न जिलों में तस्करी करते थे।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी(सौ. जागरण)

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी(सौ. जागरण)

HighLights

  1. राउरकेला में दो अंतरराज्यीय तस्कर 11.63 लाख कैश संग गिरफ्तार।

  2. कफ सिरप की बिक्री से हथियार खरीदकर करते थे तस्करी।

  3. आरोपियों से दो लोडेड देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। इस्पात नगरी राउरकेला और पश्चिमी ओडिशा के जिले अब अंतरराज्यीय नशा और हथियार तस्करों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बनते जा रहे हैं। 

कानून-व्यवस्था और निगरानी तंत्र की आंखों में धूल झोंककर चल रहे एक बड़े संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश शुक्रवार को तब हुआ, जब प्लांटसाइट पुलिस ने बिसरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक मारुति ब्रेजा कार (ओडी-14एए-0279) को रोककर दो शातिर तस्करों को दबोचा। 

खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए

पकड़े गए आरोपितों की पहचान राजगांगपुर के मुस्लिमपाड़ा निवासी गिरोह के सरगना मो. सद्दाम (34) और संबलपुर जिले के बुर्ला अंतर्गत तिवार पाड़ा निवासी त्रिबिक्रम सुना (28) के रूप में हुई है। 

तलाशी के दौरान इनके पास से दो लोडेड देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक नीले बैग में रखे 11 लाख 63 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और प्रतिबंधित कफ सिरप (विंसेरेक्स) की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 

50 हजार से अधिक बोतलें मंगाई

पुलिस की सख्त पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई है, उसने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरगना मो. सद्दाम पिछले चार महीनों से विभिन्न ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के जरिए राज्य के बाहर से प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप मंगा रहा था। 

हैरानी की बात यह है कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे अब तक 50 हजार से अधिक बोतलें मंगाकर झारसुगुड़ा, संबलपुर और बरगढ़ जिलों में खपाई जा चुकी हैं, लेकिन इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध धंधे की भनक समय रहते प्रशासन को नहीं लगी। 

नशे के इस काले कारोबार से होने वाली मोटी कमाई का इस्तेमाल सीधे तौर पर अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क को मजबूत करने के लिए किया जा रहा था। 

बिहार से अवैध हथियार की खरीद

आरोपित कफ सिरप की बिक्री से मिले पैसों से बिहार से अवैध हथियार खरीदते थे और उन्हें राउरकेला, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर तथा आसपास के जिलों में तस्करी कर पहुंचाते थे। दोनों आरोपितों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। 

WhatsApp Image 2026-11-20 at 3.17.54 PM (1)

आरोपितों के पास से बरामद पैसे आर हथियार(सौ. जागरण)

मो. सद्दाम के खिलाफ वर्ष 2016 में राजगांगपुर थाने में चोरी का मामला दर्ज है, जबकि त्रिबिक्रम सुना के खिलाफ वर्ष 2025 में बुर्ला थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। मामले में प्लांटसाइट पुलिस ने केस संख्या 1216 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) और 25(8) के तहत कार्रवाई शुरू की है। 

अन्य गुर्गों की पहचान करने जुटी पुलिस

पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य गुर्गों की पहचान करने, वित्तीय लेन-देन का पता लगाने और हथियारों के मुख्य स्रोत व खरीदारों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है। 

हालांकि, शहर के प्रमुख चौक पर लाखों की नकदी और लोडेड पिस्तौल के साथ तस्करों का पकड़ा जाना यह साफ दर्शाता है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों और नशे का जाल कितनी गहराई तक फैल चुका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।