कटक से पुरी तक असिस्टेंट इंजीनियर का करोड़ों का साम्राज्य, विजिलेंस के छापे में 3 बंगले और भारी सोना बरामद
विजिलेंस ने जाजपुर आरएंडबी के सहायक कार्यपालक अभियंता तपन सेठी को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में आरएंडबी अभियंता तपन सेठी को किया गिरफ्तार
HighLights
आय से अधिक संपत्ति मामले में एईई तपन सेठी गिरफ्तार।
विजिलेंस ने सात ठिकानों पर छापामारी, बेहिसाब संपत्ति का खुलासा।
बहुमंजिला इमारतें, सोना, नकदी और जमीन सहित कई बेनामी संपत्तियां मिलीं।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजिलेंस ने जाजपुर जिले के बड़चणा आरएंडबी (सड़क एवं भवन) सब-डिवीजन में कार्यरत सहायक कार्यपालक अभियंता (एईई) तपन सेठी को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने गुरुवार को उनके सात ठिकानों पर एक साथ छापामारी की थी।
कटक के विशेष विजिलेंस न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर तीन एसपी, छह डीएसपी, तीन इंस्पेक्टर और अन्य कर्मचारियों की टीम ने कटक, भुवनेश्वर, पुरी और जाजपुर जिले के बड़चणा सहित सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
छापामारी के दौरान विजिलेंस की टीम तपन सेठी को कटक के सीडीए सेक्टर-7 स्थित उनके आवास से अपने साथ ले गई थी।
विजिलेंस की टीम ने तपन सेठी से जुड़ी जिन संपत्तियों और ठिकानों पर छापामारी की, उनमें कटक के सीडीए सेक्टर-7 स्थित तीन मंजिला मकान, पुरी के सिद्धमहावीर इलाके में तीन मंजिला इमारत, कटक के कंटापड़ा में स्थित फार्म हाउस, पुरी जिले के कोणार्क थाना क्षेत्र के झिंकिरिया गांव में पैतृक दो मंजिला मकान, कटक के 42 मौजा स्थित ससुराल, भुवनेश्वर में दो मंजिला मकान और बड़चणा स्थित उनका कार्यालय शामिल है। बड़चणा कार्यालय चौद्वार के चारिबाटिया आरएंडबी डिवीजन के अधीन आता है।
तीन बहुमंजिला इमारतों समेत कई संपत्तियों का पता चला
तलाशी के दौरान विजिलेंस ने तपन सेठी के पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति होने का पता लगाया है। इसमें कटक, भुवनेश्वर और पुरी में स्थित तीन बहुमंजिला इमारतें, तीन कीमती भूखंड और कटक के कंटापड़ा में 1.02 एकड़ जमीन पर फैला फार्म हाउस शामिल है।
इसके अलावा, उनके पास से 747 ग्राम सोना, 20.87 लाख रुपये की जमा राशि और दो चारपहिया वाहन होने की जानकारी मिली है।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान मिली संपत्तियों के स्रोत के संबंध में तपन सेठी संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में शादी के बाद पहली बार ससुराल आए दामाद ने चुराए 5 लाख के गहने, गिरवी रखी ससुर की बाइक
यह भी पढ़ें- ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, आय से अधिक संपत्ति मामले में AEE के 7 ठिकानों पर छापामारी
