विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, आय से अधिक संपत्ति मामले में AEE के 7 ठिकानों पर छापामारी

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:39 AM (IST)

ओडिशा विजिलेंस ने जाजपुर के बड़चना स्थित सड़क एवं भवन उपखंड के सहायक कार्यकारी अभियंता तपन सेठी के सात ठिकानों ...और पढ़ें

ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन

ओडिशा में विजिलेंस का बड़ा एक्शन

HighLights

  1. विजिलेंस ने AEE तपन सेठी के ठिकानों पर की छापेमारी।

  2. आय से अधिक संपत्ति मामले में सात जगहों पर कार्रवाई जारी।

  3. कटक, भुवनेश्वर, पुरी, बड़चना में तलाशी अभियान चल रहा।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने गुरुवार को जाजपुर जिले के बड़चना स्थित सड़क एवं भवन (आरएंडबी) उपखंड में तैनात सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) तपन सेठी के सात ठिकानों पर एक साथ छापामारी शुरू की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में यह कार्रवाई की जा रही है।

इस छापेमारी अभियान में तीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी), छह पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), तीन निरीक्षक और अन्य सहायक कर्मचारी शामिल हैं। कटक स्थित विशेष विजिलेंस न्यायाधीश की ओर से जारी तलाशी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।

कटक, भुवनेश्वर, पुरी और बड़चना में छापामारी

ओडिशा विजिलेंस की टीम कटक, भुवनेश्वर, पुरी और जाजपुर जिले के बड़चना में कुल सात ठिकानों पर तलाशी ले रही है। इनमें कटक विकास प्राधिकरण (सीडीए) क्षेत्र के सेक्टर-7 में स्थित तीन मंजिला इमारत और पुरी के सिद्ध महावीर इलाके में स्थित एक अन्य तीन मंजिला इमारत शामिल है।

WhatsApp Image 2026-10-22 at 10.11.33 AM

इसके अलावा कटक जिले के कांटापड़ा में स्थित एक फार्महाउस और एक मंजिला भवन की भी तलाशी ली जा रही है।

पुरी जिले में कोणार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेठी के पैतृक गांव झिंकिरिया स्थित दो मंजिला मकान पर भी विजिलेंस की टीम पहुंची है। इसके साथ ही कटक के 42 मौजा क्षेत्र में शिव मंदिर के निकट बंतुनिया स्थित उनके ससुराल और भुवनेश्वर के कांटाबाड़ा में स्थित दो मंजिला इमारत की भी तलाशी ली जा रही है।

कार्यालय कक्ष की भी हो रही जांच

विजिलेंस की कार्रवाई के दायरे में सातवां ठिकाना बड़चना स्थित सड़क एवं भवन उपखंड कार्यालय में सेठी का कार्यालय कक्ष है। यह उपखंड कटक जिले के चौद्वार स्थित चारबाटिया के सड़क एवं भवन मंडल के अधीन आता है।

फिलहाल सभी ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद संपत्ति और अन्य बरामदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के आमदरह जंगल में मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश बंटी प्रसाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली