ओडिशा: सड़क हादसे के बाद खुली पोल, थार पलटी तो धारदार हथियारों के साथ निकले शातिर अपराधी
भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में एक तेज रफ्तार थार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच कुख्यात अपराधी धारदार हथियारों के साथ बाहर निकले।

हथियार के साथ 4 गिरफ्तार
HighLights
तेज रफ्तार थार दुर्घटनाग्रस्त, पांच अपराधी निकले बाहर।
पुलिस ने चार को दबोचा, धारदार हथियार बरामद।
आरोपी डकैती की योजना बना रहे थे, एक फरार।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी के बाहरी इलाके में मलिपड़ा-पाइकरायपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार काली थार अनियंत्रित होकर मेला मैदान की चारदीवारी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार टूट गई और थार पलट गई।
हादसे के दौरान गाड़ी के एयरबैग भी खुल गए। लेकिन दुर्घटना के बाद जो नजारा सामने आया, उसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। पलटी हुई थार से पांच कुख्यात अपराधी बाहर निकले। उनके पास कई घातक धारदार हथियार थे।
चार आरोपितों को गिरफ्तार किया
सूचना मिलने पर चंदका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मलिपड़ा गांव निवासी रंजीत हरिचंदन उर्फ केशु, पाइकरापुर निवासी सत्यजीत राउतराय उर्फ डिडु और मनोज भोई तथा सुंदरपड़ा के ओरकल गांव निवासी राजीव बड़जेना के रूप में हुई है। फरार आरोपित की पहचान सत्यब्रत नायक उर्फ रिंकुआ के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार मलिपड़ा से पाइकरापुर की ओर तेज रफ्तार से जा रही थी। पाइकरापुर मेला मैदान के पास चालक केशु ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और थार सीधे मैदान की चारदीवारी से जा टकराई। हादसे के बाद आरोपितों ने गाड़ी से बाहर निकलकर हंगामा भी किया।
डकैती की तैयारी में थे अपराधी
पुलिस ने जब थार की तलाशी ली तो उसमें बंगाली कटारी, भुजाली, कुल्हाड़ी और डबल ब्लेड वाली कुल्हाड़ी समेत कई धारदार हथियार मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित इन हथियारों के साथ डकैती की योजना बना रहे थे।
सभी आरोपितों के खिलाफ चंदका थाने में पहले से बमबाजी और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपित की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।