विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा का औद्योगिक हब बनने जा रहे रायगड़ा की कड़वी हकीकत, 467 गांव सड़क और 800 गांव मोबाइल नेटवर्क को तरसे

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:44 AM (IST)

रायगड़ा जिला औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है, लेकिन 467 गांवों में सड़क और 800 गांवों में मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। 

467 गांव सड़क और 800 गांव मोबाइल नेटवर्क को तरसे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

467 गांव सड़क और 800 गांव मोबाइल नेटवर्क को तरसे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. रायगड़ा के 467 गांवों में सड़क नहीं, 800 में मोबाइल नेटवर्क।

  2. 507 करोड़ के अनुदान के बावजूद सड़क निर्माण कार्य अधूरा।

  3. आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास की बुनियादी सुविधाएं नदारद।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। खनिज संपदा से समृद्ध रायगड़ा जिला तेजी से औद्योगिक विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। विशेष रेल मंडल की स्थापना के बाद जिले को ओडिशा के प्रमुख औद्योगिक गलियारों में शामिल करने की तैयारी है। 

खनन और उद्योगों के विस्तार से जिले की आर्थिक तस्वीर बदलने की उम्मीद है, लेकिन इसकी एक दूसरी तस्वीर भी है, जो विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है। जिले के 467 गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं, जबकि करीब 800 गांवों में मोबाइल नेटवर्क तक उपलब्ध नहीं है। 

ऐसे में औद्योगिक विकास की चमक के बीच जिले के सैकड़ों गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। खासकर आदिवासी बहुल और दुर्गम इलाकों के लोगों का जीवन आज भी अलग-थलग है।

168 गांवों में कच्ची सड़क तक नहीं 

जिले में 168 गांव ऐसे हैं, जहां कच्ची सड़क तक नहीं पहुंची है। वहीं, 299 गांवों को पक्की सड़क का इंतजार है। काशीपुर ब्लाक की स्थिति सबसे खराब है। यहां 60 गांवों तक कच्ची सड़क नहीं है। इसी तरह मुनिगुड़ा ब्लाक के 45, कल्याणसिंहपुर के 31, गुडारी के 15, पद्मपुर के नौ तथा चंद्रपुर और रायगड़ा ब्लाक के चार-चार गांवों में कच्ची सड़क नहीं है।

पक्की सड़क के मामले में मुनिगुड़ा ब्लाक सबसे पीछे है। यहां 83 गांवों तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। काशीपुर के 58, रायगड़ा के 32, कल्याणसिंहपुर के 30, बिसमकटक के 23, रामनागुड़ा के 20, गुडारी के 17, पद्मपुर के 16, गुनुपुर के 11, कोलनरा के पांच और चंद्रपुर के चार गांव पक्की सड़क से वंचित हैं।

507 करोड़ रुपये का अनुदान, फिर भी काम शुरू नहीं

गांवों में आवागमन की समस्या दूर करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पिछले मई में रायगड़ा जिले के दौरे के दौरान 507 करोड़ रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया था। ग्रामीण विकास विभाग को सड़क निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बावजूद अब तक एक भी गांव में सड़क निर्माण का काम पूरा नहीं हो पाया है। 

टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी और विभागीय अधिकारियों की कथित लापरवाही को इसकी प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पर्याप्त राशि उपलब्ध होने के बाद भी योजनाओं का धरातल पर नहीं उतरना प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।

12 लाख आबादी, 56 प्रतिशत आदिवासी

रायगड़ा जिले में 11 ब्लाक हैं और करीब 12 लाख की आबादी निवास करती है। जिले में दो नगर निकाय, एक अधिसूचित क्षेत्र परिषद और 182 पंचायतें हैं। यहां की कुल आबादी में 56 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति, 15 प्रतिशत अनुसूचित जाति और 29 प्रतिशत अन्य वर्ग के लोग शामिल हैं। 

सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याएं लगातार जनप्रतिनिधियों की बैठकों और विधानसभा में उठती रही हैं। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।

रायगड़ा के कांग्रेस विधायक अपलास्वामी काड्रका ने जिला प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कांग्रेस से निर्वाचित होने के कारण उनके द्वारा दिए गए विकास कार्यों के प्रस्तावों को प्रशासन स्वीकार नहीं कर रहा है। उन्होंने गांवों की बुनियादी समस्याओं के समाधान में प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाए हैं।

डोंगरिया कंध क्षेत्रों तक नहीं पहुंचा विकास

जिले के बिसमकटक, मुनिगुड़ा और कल्याणसिंहपुर ब्लाक के कई इलाके डोंगरिया कंध जनजाति के निवास क्षेत्र हैं। इन दुर्गम इलाकों में आज भी विकास की बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। 

सड़क और मोबाइल नेटवर्क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन से लेकर संचार तक में परेशानी उठानी पड़ती है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विडंबना यह है कि जिस जिले को खनन और उद्योगों के दम पर ओडिशा का नया औद्योगिक केंद्र बनाने की तैयारी है, वहां के सैकड़ों गांव आज भी सड़क और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं। औद्योगिक विकास की रफ्तार के साथ ग्रामीण विकास को गति देना अब प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।

यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर में हाई-वोल्टेज ड्रामा: 33 KV के टावर पर चढ़कर दी जान देने की धमकी, आखिर में हुआ ये हाल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।