भुवनेश्वर में हाई-वोल्टेज ड्रामा: 33 KV के टावर पर चढ़कर दी जान देने की धमकी, आखिर में हुआ ये हाल
राजधानी भुवनेश्वर के आचार्य विहार चौक पर टीपीसीओडीएल के तीन पूर्व कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 33 केवी हाईटेंशन टावर पर चढ़ गए और आत्महत्या की धमकी दी।

33 केवी हाईटेंशन टावर पर चढ़े टीपीसीओडीएल के तीन पूर्व कर्मचारी
HighLights
टीपीसीओडीएल के तीन पूर्व कर्मचारी टावर पर चढ़े।
मांगें पूरी न होने पर आत्महत्या की धमकी दी।
पुलिस ने सुरक्षित उतारकर तीनों को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी के आचार्य विहार चौक पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब टीपीसीओडीएल के तीन पूर्व कर्मचारी अपनी मांगें पूरी नहीं होने का आरोप लगाते हुए 33 केवी के चालू हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गए।
तीनों ने आत्महत्या करने की धमकी देकर पुलिस और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दीं। सूचना पर पहुंची शहीद नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद काफी मशक्कत कर तीनों को सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंद्रमणि प्रधान, सदानंद बेहरा और राकेश प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि तीन व्यक्ति, जो खुद को टीपीसीओडीएल का पूर्व कर्मचारी बता रहे थे, आचार्य विहार चौक स्थित 33 केवी बिजली टावर पर चढ़ गए हैं। वे अपनी मांगें पूरी नहीं होने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दे रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस के साथ चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तीनों को बार-बार नीचे उतरने के लिए समझाया और हाईटेंशन तार की चपेट में आने से जान जाने के खतरे के प्रति आगाह किया। इसके बावजूद तीनों पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते रहे।
उन्होंने धमकी दी कि यदि उन्हें जबरन नीचे उतारने की कोशिश की गई तो वे आत्महत्या कर लेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने दमकल और पुलिसकर्मियों को झूठे मामले में फंसाने तथा पुलिस को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
इस घटनाक्रम को देखने के लिए चौक पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। इससे अपोलो अस्पताल और कैपिटल अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात बाधित हो गया। स्थिति कानून-व्यवस्था की चुनौती बन गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने तत्काल 33 केवी लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। बिजली लाइन सुरक्षित किए जाने के बाद दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास कर तीनों को टावर से नीचे उतारा।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा। शहीद नगर थाने में आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 125, 132, 221, 226, 285, 351(2)(3) और 3(5) के साथ आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।