किराए पर गाड़ियां लो, बेचो और हो जाओ फरार; ओडिशा पुलिस ने ट्रक चोरी करने वाले 2 भाइयों को किया गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने एक परिवार द्वारा चलाए जा रहे ट्रक चोरी के गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है।
-1791741967209_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
ओडिशा पुलिस ने परिवार द्वारा संचालित ट्रक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया।
मनोज और अशोक महापात्रा गिरफ्तार।
किराए पर गाड़ियां लेकर बेचते थे, EMI चुकाए बिना फरार होते थे।
एजेंसी, भुवनेश्वर। ओडिशा में पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार करके एक परिवार द्वारा चलाए जा रहे ट्रक चोरी के गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चोरी के एक मामले की जांच के दौरान मंचेश्वर पुलिस ने दो भाइयों - मनोज महापात्रा और अशोक कुमार महापात्रा - को गिरफ्तार किया। ये दोनों निरंजन महापात्रा के बेटे हैं, जो खुद भी इस मामले में आरोपी हैं।
पुलिस के अनुसार, यह परिवार किराए या कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर गाड़ियां लेता था और उन्हें कहीं और बेच देता था, जिससे गाड़ी मालिकों को आर्थिक नुकसान होता था।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि एक निजी संस्था के प्रतिनिधि विश्वरंजन पात्रा ने इस साल जुलाई में एक कॉन्ट्रैक्ट के तहत आरोपियों को एक ट्रक सौंपा था।
EMI चुकाए बिना हो जाते थे फरार
उन्होंने कहा कि बाद में उन्होंने कोई EMI नहीं चुकाई, जिससे शिकायतकर्ता पर आर्थिक बोझ पड़ गया। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि निरंजन का पूरा परिवार एक संगठित गिरोह चलाता है। वे अलग-अलग लोगों से कॉन्ट्रैक्ट के तहत गाड़ियां लेते थे, उन्हें कहीं और बेच देते थे और EMI चुकाए बिना फरार हो जाते थे।
पुलिस ने जानाकरी देते हुए बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क गंजाम, कंधमाल, सुंदरगढ़, बौध और भद्रक सहित कई जिलों में फैला है और गिरफ्तारी से बचने के लिए वे अक्सर अपनी जगह बदलते रहते हैं।
उन्हें 15 दिन की रिमांड की मांग के साथ अदालत में पेश किया गया है। अधिकारी ने कहा कि गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए मामले की आगे की जांच चल रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा के गजपति में 3 तेंदुए की खाल जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार; वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
