ओडिशा के प्लस-2 छात्रों को बड़ी राहत, चक्रवात-बाढ़ के कारण परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख बढ़ी; 14 नवंबर तक मौका
ओडिशा उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीएचएसई) ने चक्रवात और बाढ़ के कारण प्लस-2 परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर तक बढ़ा दी है।

ओडिशा के प्लस-2 छात्रों को बड़ी राहत (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
प्लस-2 आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर तक बढ़ी।
चक्रवात और बाढ़ प्रभावित छात्रों को मिली राहत।
परीक्षा केंद्रों पर 30 नवंबर तक सीसीटीवी अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीएचएसई) ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली वार्षिक प्लस-2 परीक्षा के लिए आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 नवंबर कर दी है। यह सुविधा कला, विज्ञान, वाणिज्य और व्यावसायिक शिक्षा समेत सभी संकायों के विद्यार्थियों को मिलेगी।
हाल ही में आए चक्रवात और बाढ़ के कारण प्रभावित विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में हुई परेशानी को देखते हुए परिषद ने यह निर्णय लिया है। पहले आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 12 नवंबर निर्धारित थी। अब विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है।
परिषद के इस फैसले से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा के कारण निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा नहीं कर पाए थे।
30 नवंबर तक सीसीटीवी और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था अनिवार्य
इधर, सीएचएसई ने आगामी प्लस-2 परीक्षा के सुचारु और पारदर्शी संचालन के लिए संबद्ध स्कूलों और कॉलेजों को 30 नवंबर तक सीसीटीवी कैमरे और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
परिषद के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों के परीक्षा कक्ष, परीक्षा प्रबंधन केंद्र (ईएमएच) के स्ट्रांग रूम, केंद्र अधीक्षकों के कार्यालय और स्व-वित्तपोषित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की प्रयोगशालाओं में सीसीटीवी कैमरे और लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध करानी होगी।
सीएचएसई ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक इन व्यवस्थाओं को पूरा नहीं करने वाले संस्थानों को सैद्धांतिक और प्रायोगिक परीक्षा केंद्र का दर्जा गंवाना पड़ सकता है। ऐसे संस्थानों के खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को भी रिपोर्ट भेजी जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।