ओडिशा के बाढ़ पीड़ितों को सरकार का बड़ा तोहफा, हर परिवार को मिलेगा 50 किलो चावल और ₹2500 कैश
ओडिशा सरकार ने हाल की बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए 50 किलो चावल और ₹2500 की अतिरिक्त आर्थिक सहायता ...और पढ़ें

बाढ़ पीड़ितों को सरकार का बड़ा तोहफा
HighLights
बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिलेगी 50 किलो चावल सहायता।
प्रत्येक परिवार को ₹2500 की अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलेगी।
गंजाम, गजपति, कंधमाल जिलों में डीबीटी से वितरण।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने हाल में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। इसके तहत गंजाम, गजपति और कंधमाल जिले के सभी ब्लाकों में बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 50 किलो चावल और 2500 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य सरकार ने बुधवार को इस संबंध में निर्देश जारी किया।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह सहायता मुख्यमंत्री की ओर से पहले घोषित राहत पैकेज के अतिरिक्त होगी। इसका उद्देश्य हालिया बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना है।
जिलाधीशों को प्रभावित परिवारों की पहचान का निर्देश
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने गंजाम, गजपति और कंधमाल के जिलाधीशों को अपने-अपने जिले के सभी प्रभावित परिवारों की पहचान कर पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि राहत का लाभ वास्तविक प्रभावित परिवारों तक पहुंचे।
प्रत्येक पात्र परिवार के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 2500 रुपये भेजे जाएंगे। इसके अलावा 50 किलो चावल का वितरण भी चिह्नित लाभार्थियों के बीच किया जाएगा।
राहत वितरण में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित करने के लिए तीनों जिलों के प्रशासन को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। यह रिपोर्ट प्रत्येक दिन शाम पांच बजे तक विशेष राहत आयुक्त कार्यालय को भेजनी होगी। इसमें चावल वितरण और आर्थिक सहायता के भुगतान की विस्तृत जानकारी देनी होगी।
बैंकिंग सुविधा बाधित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि चक्रवात अर्नब से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गंजाम, गजपति और कंधमाल जिले के सभी ब्लाकों में आपातकालीन राहत सहायता बढ़ाई गई है।
सीएमओ के अनुसार, पात्र परिवारों की सूची तत्काल तैयार करने के साथ उसका सत्यापन भी किया जाएगा। 2500 रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। जिन क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं बाधित हैं, वहां राशि पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
वहीं, ओडिशा राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (ओएससीएससी) और जिला आपूर्ति अधिकारियों के समन्वय से चावल का उठाव और वितरण तेजी से कराया जाएगा। सरकार ने राहत सामग्री के वितरण में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने का निर्देश दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।