बंगाल की खाड़ी में फिर उठ रहा चक्रवाती खतरा! 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलेगा सिस्टम, ओडिशा में नहीं होगा असर
बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर तक कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है, जो 15 नवंबर तक डिप्रेशन ...और पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में फिर उठ रहा चक्रवाती खतरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा।
यह मौसमी प्रणाली 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलेगी।
ओडिशा पर चक्रवात का कोई विशेष असर नहीं होगा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवात बनने की संभावना को लेकर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर विकसित हो रही मौसमी प्रणाली के प्रभाव से 13 नवंबर तक दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।
इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 14 नवंबर तक गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। मौसम प्रणाली के 15 नवंबर तक अवदाब में बदलने का पूर्वानुमान है।
हालांकि, इसके आगे की दिशा और तीव्रता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी तय नहीं है कि यह मौसमी प्रणाली चक्रवाती तूफान का रूप लेगी या नहीं। कुछ अंतरराष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान मॉडल इसके चक्रवात में बदलने की संभावना जता रहे हैं, लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अभी तक इस संबंध में कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक इसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
ओडिशा पर बड़े असर की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। अगले 24 घंटे में इसके गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल ओडिशा पर इसका कोई विशेष प्रभाव पड़ने के आसार नहीं हैं।
राज्य के तटीय जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने भी अगले सात दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
इस तरह बंगाल की खाड़ी में नई मौसमी प्रणाली विकसित होने के बावजूद ओडिशा में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव या वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। चक्रवात बनने की आशंका पर अंतिम स्थिति आने वाले दिनों में मौसम प्रणाली की गति और तीव्रता के आकलन के बाद ही स्पष्ट होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।