विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा: घने कोहरे में भी सुरक्षित दौड़ेगी ट्रेन, रेलवे ने शुरू किया 3 महीने का मिशन; 75 KM/h की रफ्तार तय

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:55 AM (IST)

पूर्व तट रेलवे ने सर्दी के घने कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए तीन महीने का विशेष सुरक्षा ...और पढ़ें

घने कोहरे में भी सुरक्षित दौड़ेगी ट्रेन

घने कोहरे में भी सुरक्षित दौड़ेगी ट्रेन

HighLights

  1. घने कोहरे में ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किमी/घंटा तय।

  2. लोको पायलटों के लिए फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए जाएंगे।

  3. पटरियों की दरार जांचने हेतु विशेष शीतकालीन गश्त होगी।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। सर्दी के मौसम में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए पूर्व तट रेलवे ने कमर कस ली है। यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने तीन महीने का विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है। 

10 नवंबर 2026 से शुरू हुआ यह अभियान नौ फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत खुर्दा रोड, संबलपुर और रायगड़ा मंडलों में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा और निगरानी की जाएगी।

कर्मचारियों को सतर्क रखने पर विशेष जोर

अभियान के दौरान कोहरे में ट्रेनों की गति नियंत्रित रखने, सिग्नल की दृश्यता बढ़ाने, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और रेलवे कर्मचारियों को सतर्क रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

 रेलवे ने स्पष्ट किया है कि कोहरे के दौरान ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होगी। वहीं, फॉग सेफ डिवाइस (एफएसडी) उपलब्ध नहीं होने या खराब होने की स्थिति में ट्रेन की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे कम रखनी होगी।

सिग्नल पहचानने के लिए विशेष उपकरण

कम दृश्यता में लोको पायलटों को सिग्नल पहचानने में परेशानी न हो, इसके लिए क्रू लॉबी में पर्याप्त संख्या में फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेशन प्रबंधकों को पर्याप्त डेटोनेटर रखने और कोहरे के दौरान सिग्नल संबंधी सूचना देने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

सिग्नल और दृश्यता जांचने वाले उपकरणों का नियमित निरीक्षण होगा। कहीं सिग्नल की दृश्यता प्रभावित होने पर तत्काल कंट्रोल कार्यालय को सूचना देनी होगी।

सिग्नल, रेलवे फाटकों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव संकेतक, चमकीली सिग्नल पट्टियां और दृश्यता बोर्ड दुरुस्त रखे जाएंगे। लोको पायलटों को मौसम और दृश्यता के अनुसार ट्रेन की गति नियंत्रित करने तथा रेलवे फाटकों पर तैनात गेटमैन और सड़क उपयोगकर्ताओं को सतर्क करने के लिए लगातार सीटी बजाने की हिदायत दी गई है।

पटरियों की होगी शीतकालीन निगरानी

सर्दी के मौसम में रेल पटरियों में दरार पड़ने की आशंका को देखते हुए इंजीनियरिंग विभाग संवेदनशील स्थानों पर विशेष शीतकालीन गश्त करेगा। पटरियों के आसपास पेड़ों की डालियों की छंटाई, झाड़ियों की सफाई और रेल आधारभूत संरचनाओं का रखरखाव किया जाएगा। 

सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के कर्मचारी सिग्नल लाइटों की कार्यक्षमता और दृश्यता की जांच करेंगे। सिग्नल के शीशों की सफाई तथा रेलवे फाटकों पर लगे चमकीले संकेतकों को दुरुस्त रखा जाएगा।

रात में औचक निरीक्षण करेंगे अधिकारी

सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए अधिकारी और पर्यवेक्षक रात में औचक निरीक्षण करेंगे। ट्रेनों का फुट प्लेट निरीक्षण कर निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुपालन की जांच की जाएगी। ट्रेन मैनेजरों को कम दृश्यता की स्थिति में ट्रेन के अंतिम डिब्बे में लगे लाल टेल लैंप को चालू रखने और निर्धारित गति प्रतिबंधों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व तट रेलवे के खुर्दा रोड, संबलपुर और रायगड़ा मंडलों में चलने वाले इस अभियान के दौरान कर्मचारियों को नियमित रूप से सुरक्षा संबंधी परामर्श दिया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य कोहरे और प्रतिकूल मौसम में परिचालन संबंधी जोखिमों को कम करना और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में बदले पेंशन नियम: आवेदन मंजूर होते ही अगले महीने आएगा पैसा, 5 लाख लोगों को CM माझी का तोहफा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।