ओडिशा की बेटी का कमाल, संघर्षों को मात देकर एशियाई पैरा खेल 2026 में पायल नाग ने जीता सिल्वर
ओडिशा की पायल नाग ने जापान में आयोजित आइची-नागोया 2026 एशियाई पैरा खेलों में भारत के लिए रजत पदक जीता। ...और पढ़ें

पायल नाग ने जीता सिल्वर
HighLights
पायल नाग ने एशियाई पैरा खेलों में रजत पदक जीता।
महिला पैरा कंपाउंड डबल्स में शीतल देवी के साथ उपलब्धि।
संघर्षों को मात देकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की पायल नाग ने जापान में आयोजित आइची-नागोया 2026 एशियाई पैरा खेलों में भारत के लिए रजत पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बुधवार को महिला पैरा कंपाउंड डबल्स स्पर्धा में भारतीय तीरंदाज शीतल देवी के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया।
जापान के ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पज स्क्वायर में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने कुल 141 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
भारतीय जोड़ी ने चार राउंड में क्रमशः 36, 35, 34 और 36 अंक अर्जित किए। वहीं, चीन की शुएछिंग शू और जिंग झाओ की जोड़ी ने 150 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीनी जोड़ी ने चार राउंड में क्रमशः 36, 38, 38 और 38 अंक बनाए।
हालांकि पायल को रजत पदक मिला, लेकिन उनकी इस उपलब्धि को ओडिशा के पैरा खेल जगत के लिए स्वर्णिम क्षण माना जा रहा है। उनके प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है।
संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प से हासिल किया मुकाम
बलांगीर जिले के जामुनाबहाल गांव की रहने वाली पायल नाग ने अपने संघर्ष और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी पहचान बनाई है। जीवन में कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया। लगातार अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा साबित की है।
अप्रैल 2026 में पायल ने बैंकाक में आयोजित विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उन्होंने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत की ही तीरंदाज शीतल देवी को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।
ओडिशा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने दी बधाई
ओडिशा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने पायल नाग और शीतल देवी को रजत पदक जीतने पर बधाई दी है। साथ ही दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और खेल करियर में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की कामना की है।
पायल नाग ने अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “एशियाई खेलों में यह मेरा पहला पदक है। मैं इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हूं, लेकिन एशियाई खेल एक बड़ा मंच है। यहां रजत पदक जीतना मेरे लिए विशेष उपलब्धि है।”
उन्होंने आगे कहा कि मैं इस परिणाम से बहुत खुश हूं। अगली बार व्यक्तिगत स्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी और स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य रखूंगी।
यह भी पढ़ें- गांव तक नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस, प्रसूता को स्ट्रेचर पर ढोकर ले जाना पड़ा; ओडिशा में खुली विकास के दावों की पोल
