विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा के 7 विश्वविद्यालयों की बदलेगी तस्वीर, नैक नवीनीकरण और 1400 प्रोफेसरों की भर्ती तेज

Published: Sat, 07 Nov 2026 09:37 AM (IST)

ओडिशा सरकार सात विश्वविद्यालयों के नैक प्रत्यायन नवीनीकरण और 1400 से अधिक प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी ला रही ...और पढ़ें

ओडिशा के 7 विश्वविद्यालयों की बदलेगी तस्वीर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

ओडिशा के 7 विश्वविद्यालयों की बदलेगी तस्वीर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सात विश्वविद्यालयों में नैक प्रत्यायन नवीनीकरण प्रक्रिया तेज की गई।

  2. 1400 से अधिक प्रोफेसरों की भर्ती दो माह में पूरी होगी।

  3. उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और एनआईआरएफ रैंकिंग सुधारने पर जोर।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राज्य के सात विश्वविद्यालयों में नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) प्रत्यायन के नवीनीकरण को लेकर ओडिशा सरकार सक्रिय हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित विश्वविद्यालयों को पत्र लिखकर नवीनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है। सरकार ने इसके लिए विश्वविद्यालयों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया है।

नवीनीकरण की प्रक्रिया जिन सात विश्वविद्यालयों में तेज की गई है, उनमें ओड़िया विश्वविद्यालय, मां माणिकेश्वरी विश्वविद्यालय, विक्रम देव विश्वविद्यालय, राजेंद्र विश्वविद्यालय, धरनीधर विश्वविद्यालय, मधुसूदन विधि विश्वविद्यालय और श्रीजगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय शामिल हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने बताया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के साथ भी संपर्क किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

दो माह में पूरी होगी नियुक्ति प्रक्रिया

मंत्री ने बताया कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लंबे समय से विश्वविद्यालयों में नेतृत्व के स्तर पर रिक्तियां बनी हुई थीं। अब शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भी बड़े स्तर पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। 

1400 से अधिक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर साक्षात्कार चल रहा है। अगले दो माह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

एनआइआरएफ रैंकिंग में सुधार की कवायद

राज्य सरकार विश्वविद्यालयों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर पहचान दिलाने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके लिए राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) सहित अन्य रैंकिंग और मूल्यांकन प्रणालियों में विश्वविद्यालयों का प्रदर्शन सुधारने पर जोर दिया जा रहा है। 

सरकार का मानना है कि शिक्षकों की नियुक्ति, बेहतर नेतृत्व और नैक प्रत्यायन के नवीनीकरण से उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार होगा।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में इस साल 8 जगह पर होगा ईको रिट्रीट, भितरकनिका और पुटसिल सूची से हुए बाहर


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।