महंगाई भत्ते में इजाफे के बाद बढ़ी दिहाड़ी, ओडिशा में अकुशल से लेकर कुशल मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी ₹6 बढ़ी
ओडिशा सरकार ने राज्य के चार श्रेणियों के श्रमिकों की न्यूनतम दैनिक मजदूरी में ₹6 की बढ़ोतरी की है, जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।

मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी ₹6 बढ़ी (एआई जेनरेटेड तस्वीर )
HighLights
ओडिशा सरकार ने श्रमिकों की न्यूनतम दैनिक मजदूरी बढ़ाई।
चार श्रेणियों के श्रमिकों को ₹6 की वृद्धि का लाभ।
परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (VDA) में वृद्धि के कारण संशोधन।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य के चार श्रेणियों के श्रमिकों की न्यूनतम दैनिक मजदूरी में छह रुपये की बढ़ोतरी की है। संशोधित दरें एक अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। इसका लाभ अकुशल, अर्धकुशल, कुशल और अत्यधिक कुशल श्रमिकों को मिलेगा। श्रम आयुक्त कार्यालय ने आठ अक्टूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके तहत परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (वीडीए) में वृद्धि की गई है।
नई दरों के अनुसार, अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 472 रुपये से बढ़ाकर 478 रुपये कर दी गई है। इसी तरह अर्धकुशल श्रमिकों की मजदूरी 522 रुपये से बढ़कर 528 रुपये प्रतिदिन हो गई है। कुशल श्रमिकों को अब 572 रुपये के स्थान पर 578 रुपये और अत्यधिक कुशल श्रमिकों को 622 रुपये के स्थान पर 628 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।
छह महीने में दूसरी बार संशोधन
राज्य सरकार औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में होने वाले बदलाव के आधार पर साल में दो बार, एक अप्रैल और एक अक्टूबर को परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की समीक्षा करती है। इसका उद्देश्य महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत के प्रभाव को कम करना है।
अधिसूचना के अनुसार, पिछले छह महीनों में औद्योगिक श्रमिकों का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 147.50 से बढ़कर 149.80 हो गया है। इसमें 2.30 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी के आधार पर न्यूनतम मजदूरी में संशोधन किया गया है। नई दरें राज्य की न्यूनतम मजदूरी अधिसूचना के तहत आने वाली चारों श्रेणियों के श्रमिकों पर लागू होंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।