आंवला नवमी और राधापाद दर्शन महोत्सव पर उमड़ेंगे श्रद्धालु, श्रीजगन्नाथ मंदिर के अंदर फोटो खींची तो 10 हजार का जुर्माना
Puri Jagannath Temple News: प्रशासन ने पुरी में 18 नवंबर को आंवला नवमी और 21 नवंबर को बड़ी एकादशी के ...और पढ़ें

पुरी में आंवला नवमी और राधापाद दर्शन महोत्सव की तैयारियां पर बैठक।
संवाद सूत्र, पुरी (भुवनेश्वर)। प्रसिद्ध आंवला नवमी एवं राधापाद दर्शन महोत्सव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष आंवला नवमी 18 नवंबर और बड़ी एकादशी 21 नवंबर को मनाई जाएगी। चार दिवसीय इस महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, सुगम दर्शन व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस संबंध में विधायक ओ. प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में स्थानीय मंडप में पहली समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी से होगी निगरानी, नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सिंहद्वार के पास बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार जरूरी सूचनाएं दी जाती रहेंगी।
मंदिर परिसर के अंदर फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ आपराधिक मामला भी दर्ज किया जा सकता है।
सख्त होगी पास व्यवस्था, कालाबाजारी पर नकेल
दर्शन के लिए पास व्यवस्था को इस बार बेहद सख्त बनाया गया है। पिछले वर्ष की तरह ही सीमित संख्या में पास तैयार किए जाएंगे और इनकी जांच के लिए आधुनिक स्कैनिंग मशीनों का उपयोग होगा। पास के माध्यम से दर्शन की व्यवस्था सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक जारी रहेगी।
पास की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा। वहीं, सेवायतों और उनके परिजनों के लिए दर्शन की अलग व्यवस्था की गई है।
पार्किंग, सड़क मरम्मत और स्वास्थ्य सुविधाएं
- यातायात और पार्किंग: लेवल क्रॉसिंग से पहले ओड़िया विश्वविद्यालय और सिद्धबकुल के पास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। डोलबेदी से कॉलेज चौक और बाजार तक की सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी ताकि आवागमन में कोई असुविधा न हो।
- सफाई और पेयजल: महोत्सव के दौरान भगवान की चंदन पोखरी और थालीधुआ पोखरी की विशेष सफाई के साथ प्रकाश (रोशनी) की व्यवस्था की जाएगी। आईएमसी की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
- स्वास्थ्य शिविर: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारों दिन स्वास्थ्य विभाग के शिविर लगाए जाएंगे और जगह-जगह शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होगी।
सेवायतों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
बैठक के दौरान सेवायतों की श्मशान संबंधी समस्या भी उठाई गई। सेवायत उमेश चंद्र नंद ने चेतावनी दी कि यदि दूसरी समीक्षा बैठक से पहले इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो महोत्सव के दौरान सहयोग में कठिनाई आ सकती है। इस पर विधायक ने जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
तहसीलदार सह मंदिर प्रशासक संतोष कुमार पाणिग्राही ने स्पष्ट किया कि महोत्सव के दौरान अनुष्ठानों में सेवा देने वाले सेवायतों की सूची उपलब्ध कराए जाने पर प्रोटोकॉल के तहत मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। बैठक की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और वेदपाठ के साथ हुई। इसके बाद मंदिर प्रशासक संतोष कुमार पाणिग्राही ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक में सत्यवादी ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार पंडा, अतिरिक्त एसपी सचिन पटेल, उपजिलाधिकारी राजकिशोर जेना, ओड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. सत्यनारायण आचार्य, एसडीपीओ देवाशीष मिश्र, थाना प्रभारी सौम्यरंजन महालिक समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य और स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
