84 लाख के मुआवजे के बदले मांगी 15% घूस, ओडिशा में स्पेशल लैंड एक्विजिशन ऑफिसर रिश्वत लेते धराया
ओडिशा में सतर्कता विभाग ने संबलपुर-तालचेर रेलवे परियोजना के विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी अजय कुमार गरनायक को 3.10 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
-1793772338170_m.webp)
अजय कुमार गरनायक को किया गया गिरफ्तार। (जागरण)
HighLights
भूमि अधिग्रहण अधिकारी अजय कुमार गरनायक रिश्वत लेते गिरफ्तार।
संबलपुर-तालचेर रेलवे परियोजना के मुआवजे में मांगी घूस।
विजिलेंस ने 3.10 लाख रुपये लेते रंगेहाथ पकड़ा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ने संबलपुर-तालचेर रेलवे परियोजना के विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी अजय कुमार गरनायक को 3.10 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि अधिकारी ने एक जमीन मालिक को 84.62 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने के एवज में 5.10 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। इसमें से दो लाख रुपये वह पहले ही ले चुका था।
विजिलेंस के अनुसार, गरनायक ने जमीन मालिक से मुआवजे की कुल राशि का 15 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा था। बाद में बातचीत के बाद यह रकम 5.10 लाख रुपये तय हुई।
आरोप है कि अधिकारी ने 27 अक्टूबर को पहली किस्त के रूप में दो लाख रुपये ले लिए थे। इसके बाद शेष 3.10 लाख रुपये के लिए जमीन मालिक पर लगातार दबाव बना रहा था।
तीसरी रेल लाइन के भूमि अधिग्रहण का दिखाया डर
रिश्वत की शेष राशि नहीं देने पर अधिकारी ने जमीन मालिक को परेशान करने की धमकी दी थी। उसने आगामी तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए होने वाले भूमि अधिग्रहण का हवाला देकर भी शिकायतकर्ता को डराने की कोशिश की। इससे परेशान होकर जमीन मालिक ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही अधिकारी ने शेष 3.10 लाख रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, टीम ने उसे दबोच लिया।
संबलपुर विजिलेंस के एसपी पीके दुबे ने बताया कि संबलपुर-तालचेर दोहरी रेल लाइन परियोजना के लिए नियुक्त विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने उसके आवास और अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- निवेश के नाम पर ₹122 करोड़ की ठगी मामला: EOW के बाद अब ED का एक्शन, ओडिशा-बंगाल में 10 जगहों पर छापा