निवेश के नाम पर ₹122 करोड़ की ठगी मामला: EOW के बाद अब ED का एक्शन, ओडिशा-बंगाल में 10 जगहों पर छापा
प्रवर्तन निदेशालय ने 122 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 10 ठिकानों पर छापेमारी की है।

ओडिशा में ईडी का छापा। (जागरण)
HighLights
ईडी ने 122 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में छापेमारी की।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान।
कल्पना फाइनेंस सर्विसेज पर हजारों लोगों से ठगी का आरोप।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को करीब 122 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कटक, भुवनेश्वर, अनुगुल, मयूरभंज और कोलकाता समेत कई स्थानों पर ईडी की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं।
कल्पना फाइनेंस सर्विसेज पर हजारों लोगों से ठगी का आरोप
जानकारी के अनुसार, ईडी की तीन सदस्यीय टीम दो बैंक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ मयूरभंज जिले के उदला क्षेत्र के बिसौल गांव में कल्पना फाइनेंस सर्विसेज के ओडिशा प्रमुख ईश्वर बिंदहानी के आवास पर तलाशी ले रही है। इसके अलावा दो बैंक अधिकारियों और कंपनी से जुड़े अन्य लोगों के ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
आरोप है कि कंपनी ने आकर्षक रिटर्न और आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों से बड़ी रकम जमा कराई थी। कंपनी ने अलग-अलग स्थानों पर कई शाखाएं खोल रखी थीं, जबकि इसका मुख्य कार्यालय ओडिशा में था।
कंपनी से जुड़े आरोपित एजेंट और निदेशक के रूप में काम करते थे। वे विभिन्न निवेश योजनाओं का लालच देकर लोगों को पैसा लगाने के लिए प्रेरित करते थे। आशंका है कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल के हजारों लोग इस कथित ठगी के शिकार हुए हैं।
मयूरभंज, कटक, भुवनेश्वर और जगतसिंहपुर जिलों के लोगों की ओर से शिकायतें दर्ज कराए जाने के बाद यह मामला सामने आया था।
ईओडब्ल्यू ने दो आरोपितों को किया था गिरफ्तार
इस मामले में ओडिशा क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने तीन जनवरी को पश्चिम बंगाल से अमित मंडल नामक आरोपित को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा अनुगुल से भी एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया गया था।
करीब 122 करोड़ रुपये की अंतरराज्यीय वित्तीय धोखाधड़ी का मामला होने के कारण इसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय ने अपने हाथ में ली है।
फिलहाल ईडी की जांच जारी है। जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर धोखाधड़ी की कुल राशि और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- नगालैंड, त्रिपुरा और ओडिशा में खुले विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय; सरकार ने जारी की अधिसूचना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।