विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में रात में पटाखे फोड़ने से रोका तो महिला IPS से उलझे उपद्रवी, वीडियो वायरल होते ही 4 गिरफ्तार

Published: Tue, 10 Nov 2026 11:30 AM (IST)

कटक के नयासड़क इलाके में दीपावली पर ड्यूटी के दौरान महिला आईपीएस अनन्या अवस्थी और पुलिसकर्मियों से अभद्रता व धक्का-मुक्की के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

महिला IPS से उलझे उपद्रवी

महिला IPS से उलझे उपद्रवी

HighLights

  1. कटक में महिला आईपीएस अनन्या अवस्थी से हुई अभद्रता।

  2. दीपावली पर पटाखे फोड़ने से रोकने पर हुआ विवाद।

  3. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार आरोपित गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कटक के नयासड़क इलाके में दीपावली के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला आईपीएस अधिकारी अनन्या अवस्थी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता तथा धक्का-मुक्की करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कई लोग महिला आईपीएस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मियों को घेरते हुए दिखाई दिए थे। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। 

कटक के डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार चारों व्यक्ति घटना में सीधे तौर पर शामिल थे। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद होने के संदेह में कुछ अन्य लोगों को नोटिस देकर चेतावनी के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर पटाखे फोड़ने से रोकने के दौरान यह विवाद शुरू हुआ था। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी इलाके में पटाखे फोड़े जा रहे थे। 

आरोप है कि कुछ लोग राहगीरों और पुलिसकर्मियों की ओर पटाखे फेंक रहे थे। इस पर लालबाग थाना के इंस्पेक्टर ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें ऐसा करने से रोका। इससे कुछ युवक आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उलझ पड़े।

स्थिति बिगड़ने पर एसीपी स्तर के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी अभद्रता की गई और धक्का-मुक्की करते हुए शारीरिक रूप से उलझने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। इनके जरिए उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जाएगी।

पुलिस के साथ दुर्व्यवहार पर नाराजगी

दीपावली के दौरान नयासड़क इलाके में पटाखे फोड़ने के नियमों का बार-बार उल्लंघन और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर व्यापक नाराजगी देखी जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में स्टेशन पर रिश्वत लेते धराया ITI प्रिंसिपल, नौकरी बचाने के नाम पर वसूली; फ्लैट से 5.16 लाख कैश जब्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।