हॉकी इंडिया को ओडिशा हाईकोर्ट से झटका, चुनाव पर रोक बरकरार
ओडिशा हाईकोर्ट ने हॉकी इंडिया चुनाव प्रक्रिया पर लगी अंतरिम रोक हटाने की याचिका खारिज कर दी है।

ओडिशा हाईकोर्ट की बिल्डिंग। फाइल फोटो
HighLights
ओडिशा हाईकोर्ट ने हॉकी इंडिया की चुनाव प्रक्रिया पर रोक बरकरार रखी।
अदालत ने हॉकी इंडिया की अंतरिम रोक हटाने की याचिका खारिज की।
हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की स्थायी सदस्यता रद्द करने का मामला।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। हॉकी इंडिया के चुनाव को लेकर ओडिशा हाईकोर्ट से बुधवार को बड़ा झटका लगा है। अदालत ने चुनाव प्रक्रिया पर लगाई गई अंतरिम रोक हटाने की हॉकी इंडिया की याचिका खारिज कर दी।
इसके साथ ही चुनाव पर रोक बरकरार रहेगी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मामले की अगली सुनवाई गुण-दोष के आधार पर होगी।
दरअसल, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा हॉकी इंडिया का स्थायी सदस्य है। इसके बावजूद हॉकी इंडिया ने ओडिशा की स्थायी सदस्यता समाप्त कर उसे सहयोगी सदस्य बनाने का नोटिस जारी किया था।
इतना ही नहीं, चुनाव प्रक्रिया से ओडिशा हॉकी संघ को बाहर करने के लिए कारण बताओ नोटिस भी दिया गया था।
इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। संघ की ओर से अदालत में दलील दी गई कि स्थायी सदस्यता को सहयोगी सदस्यता में बदलने का हॉकी इंडिया का कदम स्वीकार्य नहीं है।
उल्लेखनीय है कि ओडिशा सरकार हॉकी के विकास के लिए सालाना 35 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देती है।
इस मामले में गत छह नवंबर को हाईकोर्ट ने हॉकी इंडिया के कारण बताओ नोटिस पर अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही निर्देश दिया था कि अदालत की अनुमति के बिना चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती। हॉकी इंडिया ने इसी अंतरिम आदेश को हटाने के लिए याचिका दायर की थी, जिसे बुधवार को अदालत ने खारिज कर दिया।