विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा के नए राज्यपाल के शपथग्रहण में झारखंड से आएंगे 300 गेस्ट, आज भुवनेश्वर पहुंचेंगे ब्रजमोहन

Published: Sat, 17 Oct 2026 09:41 AM (IST)

ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम आज भुवनेश्वर पहुंचेंगे और 18 अक्टूबर को पद की शपथ लेंगे।

ब्रजमोहन राम। फाइल फोटो

ब्रजमोहन राम। फाइल फोटो

HighLights

  1. राज्यपाल ब्रजमोहन राम आज भुवनेश्वर पहुंचेंगे।

  2. 18 अक्टूबर को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।

  3. शपथ के बाद पुरी में जगन्नाथ दर्शन करेंगे।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम आज शनिवार दोपहर भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके साथ झारखंड से करीब 300 अतिथियों के भी आने की सूचना है।

राज्यपाल 18 अक्टूबर को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसे लेकर ओडिशा लोकभवन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

18 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे लोकभवन के नवनिर्मित अभिषेक हाल में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस दौरान ओडिशा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस हरीश टंडन नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री और नवीन पटनायक होंगे शामिल

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद, विधायक तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल पुरी जाएंगे। वहां वे महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद पुरी लोकभवन में कुछ समय बिताने का भी कार्यक्रम है। ओडिशा लोकभवन की ओर से यह जानकारी दी गई है।

चार दिन तक ओडिशा में रहेंगे अतिथि

राज्यपाल के साथ झारखंड से आने वाले करीब 300 अतिथि शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद चार दिन तक ओडिशा में रहेंगे।

इसे ध्यान में रखते हुए 17 से 20 अक्टूबर तक उनके ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी की गई है। भुवनेश्वर एयरपोर्ट के अलावा भुवनेश्वर और पुरी स्थित लोकभवन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।

राज्यपाल की सचिव रूपा रोशन साहू ने इस संबंध में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत कुमार शर्मा को पत्र लिखकर आवश्यक व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।

पत्र में शपथ ग्रहण समारोह से लेकर अतिथियों के ठहरने और उनके आतिथ्य सत्कार तक सभी कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया गया है।

इसके लिए गृह विभाग के एक अधिकारी को लोकभवन की हाउसहोल्ड शाखा में नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त करने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि सभी व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

यह भी पढ़ें- 'एससी मोर्चा को मजबूत करेंगे, भाजपा के लिए वोट जुटाएंगे' ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम के बयान पर विवाद