विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' से निपटने की तैयारी, 8 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद; कर्मचारियों की छुट्टियां रद

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:43 PM (GMT+05:30)

ओडिशा में चक्रवात अकवान के संभावित खतरे को देखते हुए 8 जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए ...और पढ़ें

चक्रवात 'अकवान' से निपटने की तैयारी(एआई जेनरेटेजड तस्वीर)

चक्रवात 'अकवान' से निपटने की तैयारी(एआई जेनरेटेजड तस्वीर)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान के कारण ओडिशा के 8 जिलों में स्कूल बंद।

  2. राज्य सरकार ने 22 नवंबर तक सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की।

  3. 200 मिमी से अधिक बारिश, 90 किमी/घंटा हवा की आशंका।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान से संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा के आठ जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। संबंधित जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की है।

प्रशासन की ओर से जारी ताजा आदेश के अनुसार, गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा और कंधमाल जिले में 19 से 21 नवंबर तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। वहीं खुर्दा और मलकानगिरि जिले में 19 और 20 नवंबर को शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।

इस आदेश के दायरे में सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। पुरी जिले में शिशु वाटिका से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

22 नवंबर तक सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद

चक्रवात की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां 22 नवंबर तक रद कर दी हैं। अवकाश पर गए अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल अपने कार्यस्थल पर लौटने का निर्देश दिया गया है, ताकि आपदा से निपटने की तैयारियों और आपातकालीन सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए।

गंजाम जिला प्रशासन ने स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहने के बावजूद संबंधित संस्थानों के कर्मचारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

200 मिमी से अधिक बारिश की आशंका

उल्लेखनीय है कि मौसम के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात का लैंडफॉल कलिंगपट्टनम, गोपालपुर और पुरी के बीच कहीं हो सकता है। इस दौरान 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की आशंका है। हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहले हवा की अधिकतम गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान जताया गया था।

19 एवं 20 नवंबर को पुरी, गंजाम, केंद्रापड़ा, कंधमाल और गजपति जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरापुट, रायगड़ा, नयागढ़, खुर्दा, कटक, जाजपुर, भद्रक, बालेश्वर और मयूरभंज जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसी तरह नवरंगपुर, कालाहांडी, बौद्ध, अनुगुल, ढेंकानाल और केन्दुझर जिले  के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा और नुकसान को कम करने के लिए एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' ने अचानक बदला रास्ता, मलकानगिरी से लेकर पुरी तक भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।