विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में Uber और Rapido की बाइक टैक्सी पर ब्रेक, क्राइम ब्रांच ने 15 दिन में सेवा बंद करने का दिया आदेश

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:08 PM (IST)

ओडिशा क्राइम ब्रांच ने उबर और रैपिडो को निजी दोपहिया वाहनों से संचालित बाइक टैक्सी सेवाएं बंद करने का निर्देश दिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. क्राइम ब्रांच ने उबर, रैपिडो बाइक टैक्सी सेवाएं बंद करने का निर्देश दिया।

  2. निजी दोपहिया वाहनों का उपयोग मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन माना गया।

  3. कंपनियों को 15 दिनों में सेवा बंद कर रिपोर्ट सौंपनी होगी।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा क्राइम ब्रांच ने राज्य में निजी (नॉन-ट्रांसपोर्ट) दोपहिया वाहनों के जरिए संचालित बाइक टैक्सी सेवाओं को बंद करने का निर्देश उबर और रैपिडो को दिया है।

क्राइम ब्रांच ने इसे मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और ओडिशा ऑन-डिमांड ट्रांसपोर्टेशन टेक्नोलॉजी एग्रीगेटर्स गाइडलाइंस, 2023 का कथित उल्लंघन बताया है।

10 नवंबर 2026 को राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) के परिवहन आयुक्त सह अध्यक्ष को लिखे पत्र में क्राइम ब्रांच ने बताया है कि कटक, भुवनेश्वर-एक और भुवनेश्वर-दो के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) की ओर से सौंपी गई विशेष प्रवर्तन रिपोर्टों के आधार पर इस मामले की जांच की गई है।

रिपोर्टों में एग्रीगेटर आधारित मोबाइल एप के माध्यम से निजी दोपहिया वाहनों का यात्रियों के परिवहन के लिए कथित तौर पर अनधिकृत इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। इसे मौजूदा परिवहन नियमों का उल्लंघन माना गया है।

15 दिनों के भीतर सेवा बंद करने का निर्देश

जांच के निष्कर्षों के बाद क्राइम ब्रांच ने उबर और रैपिडो के नोडल अधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें ओडिशा में उनके मोबाइल एप से निजी दोपहिया वाहनों के जरिए यात्रियों को ले जाने की सुविधा बंद करने का निर्देश दिया गया है।

कंपनियों को नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर यह सेवा बंद कर क्राइम ब्रांच और राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) को अनुपालन रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। निर्धारित समय सीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

कार और ऑटो सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी

हालांकि, क्राइम ब्रांच की यह कार्रवाई केवल निजी दोपहिया वाहनों के जरिए संचालित बाइक टैक्सी सेवाओं तक सीमित है। उबर और रैपिडो की कार तथा ऑटो सेवाएं राज्य में पहले की तरह जारी रहेंगी।

इधर, क्राइम ब्रांच के इस निर्देश पर उबर और रैपिडो की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के भद्रक में मोबाइल ट्रैक कर रहे पुलिसकर्मियों को ट्रक ने कुचला एक की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।