ओडिशा में अचानक बढ़ी कड़ाके की ठंड, जी. उदयगिरि में 8.6°C पहुंचा पारा; अगले 2 दिनों में और गिरेगा तापमान
ओडिशा में अचानक कड़ाके की ठंड बढ़ गई है, आंतरिक और तटीय इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जी. उदयगिरि में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा, और अगले दो दिनों में पारा 2-3 डिग्री और गिरने की संभावना है।

ओडिशा में अचानक बढ़ी कड़ाके की ठंड (AI Genrated Image)
HighLights
ओडिशा में अचानक बढ़ी कड़ाके की ठंड का असर।
जी. उदयगिरि में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज।
अगले दो दिनों में तापमान 2-3 डिग्री और गिरेगा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में ठंड ने अचानक अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। आंतरिक ओडिशा से लेकर तटीय इलाकों तक सर्दी का असर बढ़ गया है। गुरुवार रात से शुरू हुई ठंड शुक्रवार रात और तेज हो गई। उत्तर दिशा से चल रही सर्द हवाओं के कारण राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में पारा दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरने का अनुमान जताया है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।
जी. उदयगिरि सबसे ठंडा स्थान रहा
राज्य में गुरुवार रात जी. उदयगिरि सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दारिंगबाड़ी में 11.5, झारसुगुड़ा में 11.8, फूलबाणी में 12, किरेई में 13.5, राउरकेला और सेमिलिगुड़ा में 13.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
ठंड का असर अब तटीय जिलों में भी दिखने लगा है। भद्रक के रानीचाल में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, बालेश्वर और अनुगुल में 15, कटक में 15.2, ढेंकानाल के महिषापाट में 15.9, बारीपदा में 16 और राजधानी भुवनेश्वर में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सामान्य तापमान की तुलना में पारा डेढ़ से ढाई डिग्री तक नीचे चला गया है।
सात दिसंबर तक शुष्क रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के भुवनेश्वर कार्यालय के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। सात दिसंबर तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
वहीं शनिवार सुबह सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अनुगुल, सोनपुर, बौद्ध, कालाहांडी, कंधमाल और कोरापुट में मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है। मौसम के इस बदले मिजाज से राज्य में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में फिर उठ रहा नया तूफान: 1 महीने में चौथे चक्रवात की आहट, ओडिशा-बंगाल और झारखंड तक खतरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।