विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवात 'अकवान' से निपटने को ओडिशा अलर्ट, नदियों और बांधों पर रात में गश्त और बाढ़ निगरानी तेज

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:52 PM (GMT+05:30)

चक्रवात अकवान और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए ओडिशा का जल संसाधन विभाग राज्यभर में निगरानी बढ़ा रहा है। मंत्री सुरेश पुजारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अब तक 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

नदियों और बांधों पर रात में गश्त(सौ. जागरण)

नदियों और बांधों पर रात में गश्त(सौ. जागरण)

HighLights

  1. जल संसाधन विभाग ने निगरानी व्यवस्था कड़ी की।

  2. संवेदनशील नदी घाटियों, जलाशयों पर 24 घंटे नजर।

  3. 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग ने राज्यभर में निगरानी व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील नदी घाटियों, जलाशयों, बैराजों और जल निकासी प्रणालियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर रात में गश्त और क्षेत्रीय निरीक्षण भी तेज कर दिया गया है।

गंजाम जिले में ऋषिकुल्या, बड़नदी, घोड़ाहाड़ा, लोहोराखंडी, बाघुआ और धनेई नदियों के संवेदनशील स्थानों पर रात में निगरानी की जा रही है। भंजनगर स्पिलवे, बाघुआ बांध, दाहा बांध, पद्मा बैराज, सोरड़ा जलाशय और जानीबिली एनीकट सहित प्रमुख सिंचाई संरचनाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ संयुक्त गश्त की जा रही है।

तकनीकी कर्मचारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा

इसी तरह हरभंगी जलाशय और वंशधारा नदी के कोटुरु गांव के पास दक्षिणी तटबंध, गुनुपुर हाईलेवल पुल तथा केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के गेज स्टेशन क्षेत्र में भी निगरानी जारी है। ब्राह्मणी बेसिन के मुख्य अभियंता एवं बेसिन प्रबंधक ने समल बैराज का दौरा कर वरिष्ठ अभियंताओं और तकनीकी कर्मचारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

गोलंथरा एनीकट, जयमंगल एनीकट, घोड़ाहाड़ा नदी तटबंध और ताभापल्ली डायवर्सन वियर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विभागीय कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। ब्रह्मपुर महानगर क्षेत्र में ड्रेनेज विभाग की ओर से रात में गश्त की गई। छत्रपुर के पोटलामपुर के निकट ऋषिकुल्या नदी के तटबंध का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।

एसईओसी कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रख रहे मंत्री

चक्रवात अकवान के तट पार करने की प्रक्रिया को देखते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी सुबह से ही राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वह वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

सरकारी जानकारी के अनुसार, चक्रवात अकवान से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए अब तक करीब 3 लाख 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बारिश के कारण कहीं भी जलभराव की सूचना मिलने पर अग्निशमन सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकासी की व्यवस्था कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में लगातार बारिश से बढ़ी टेंशन: कमजोर तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी, हर खतरे से निपटने को विभाग तैयार


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।