PM आवास की किस्त जारी करने को 30000 घूस लेते नगरपालिका कर्मी गिरफ्तार, राउरकेला विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
ओडिशा विजिलेंस ने बीरमित्रपुर नगरपालिका के इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपर्ट बैबस्वत मनु राउत को पीएम आवास योजना के तहत एक गरीब आदिवासी से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

बैबस्वत मनु राउत रंगे हाथ गिरफ्तार। (फाइल फोटो)
HighLights
बीरमित्रपुर नगरपालिका का इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपर्ट रिश्वत लेते गिरफ्तार।
पीएम आवास योजना के गरीब आदिवासी से मांगी 30 हजार घूस।
विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गरीबों को छत मुहैया कराने की सरकारी मुहिम को भ्रष्टाचार के दीमक खोखला कर रहे हैं।
ताजा मामला सुंदरगढ़ जिले के बीरमित्रपुर नगरपालिका का है, जहां शनिवार को ओडिशा विजिलेंस की टीम ने एक गरीब आदिवासी लाभुक से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए नगरपालिका के इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपर्ट बैबस्वत मनु राउत को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता एक गरीब आदिवासी है, जिसे पीएम आवास योजना (शहरी) के तहत मकान निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी।
इसमें से बकाया 1 लाख 30 हजार रुपये की राशि जारी कराने के लिए वह लगातार नगरपालिका कार्यालय के चक्कर काट रहा था।
30 हजार मांगी थी रिश्वत
पीड़ित के बार-बार गुहार लगाने के बावजूद कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय में तैनात इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपर्ट बैबस्वत मनु राउत फाइल को आगे नहीं बढ़ा रहा था। बकाया राशि जारी करने के एवज में आरोपी ने लाभुक से 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग रख दी।
गरीब आदिवासी लाभुक ने अपनी लाचारी बताते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन भ्रष्ट कर्मी अपनी जिद पर अड़ा रहा और उसे लगातार प्रताड़ित करता रहा।
आखिरकार तंग आकर पीड़ित ने राउरकेला विजिलेंस का दरवाजा खटखटाया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाया और शनिवार को जैसे ही आरोपी बैबस्वत मनु राउत ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की घूस ली, घात लगाए बैठी टीम ने उसे दबोच लिया।
इस संबंध में राउरकेला विजिलेंस थाने में 27 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला संख्या 14 दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और विजिलेंस की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।