विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा: पुरी घूमने गया था परिवार, इधर बंद घर से उड़े 3 लाख के गहने; दूसरी जगह बच्चे के सिर पर बंदूक रखकर लूट

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:44 AM (IST)

बालेश्वर जिले में चोरों और लुटेरों का आतंक बढ़ गया है, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में लाखों के गहने और नकदी लूट ली गई। एक घटना में बंद घर से चोरी हुई, जबकि दूसरी में बदमाशों ने बच्चे के सिर पर बंदूक रखकर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की।

ओडिशा के बालेश्वर में बदमाशों का आतंक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

ओडिशा के बालेश्वर में बदमाशों का आतंक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. बालेश्वर में दो अलग-अलग लूट की घटनाएं, दहशत का माहौल।

  2. पुरी गए परिवार के बंद घर से लाखों के गहने और नकदी चोरी।

  3. बच्चे के सिर पर बंदूक रखकर मां-नाना को बंधक बनाया, लूट।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बालेश्वर जिले में चोरों और लुटेरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बदमाशों ने दो अलग-अलग घटनाओं में लाखों रुपये के गहने और नकदी लूट ली। सोर थाना क्षेत्र में एक परिवार के पुरी घूमने जाने का फायदा उठाकर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। 

वहीं, अनंतपुर थाना क्षेत्र के बालंग गांव में पांच नकाबपोश बदमाशों ने आठ वर्षीय बच्चे के सिर पर बंदूक रखकर मां और नाना को बंधक बना लिया और लूटपाट की। दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत है।

परिवार पुरी गया, घर से तीन लाख के गहने चोरी

जानकारी के अनुसार, सोर थाना क्षेत्र की ट्रेजरी कॉलोनी निवासी रमेश चंद्र बेहरा अपने परिवार के साथ पुरी में डोंगा विसर्जन के लिए गए थे। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया। 

सुबह पड़ोसियों से चोरी की सूचना मिलने पर वह पुरी से वापस लौटे। घर की जांच करने पर पता चला कि बदमाशों ने गोदरेज तोड़कर तीन लाख रुपये से अधिक के गहने और 25 हजार रुपये नकद पार कर दिए हैं। 

रमेश ने सोर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

बच्चे के सिर पर बंदूक रख मां और नाना को बांधा

दूसरी घटना अनंतपुर थाना क्षेत्र के बालंग गांव की है। यहां सोमवार रात पांच नकाबपोश बदमाश सुश्री संगीता पलेई के घर में घुस गए। बदमाशों ने उनके आठ वर्षीय बेटे सुशांत के सिर पर बंदूक रखकर पूरे परिवार को आतंकित कर दिया। इसके बाद संगीता और उनके पिता को बांध दिया। बदमाशों ने गोदरेज में रखे 50 हजार रुपये नकद और दो लाख रुपये से अधिक के गहने लूट लिए और फरार हो गए।

घटना के बाद संगीता ने अनंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक दोनों घटनाओं में शामिल बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के कटक में आधी रात को धू-धू कर जल उठीं 8 बसें, निजी स्कूल की गाड़ियां भी खाक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।