ओडिशा के कटक में आधी रात को धू-धू कर जल उठीं 8 बसें, निजी स्कूल की गाड़ियां भी खाक
कटक के अरुणोदय नगर में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड में आठ बसें जलकर खाक हो गईं, जिनमें चार निजी स्कूल बसें शामिल थीं। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सात अन्य बसों को आग की चपेट में आने से बचा लिया।

ओडिशा के कटक में आधी रात को धू-धू कर जल उठीं 8 बसें, निजी स्कूल की गाड़ियां भी खाक (जागरण फोटो)
HighLights
कटक के अरुणोदय नगर में भीषण अग्निकांड हुआ।
आठ बसें जलकर खाक, चार निजी स्कूल की थीं।
दमकलकर्मियों ने सात अन्य बसों को सुरक्षित बचाया।
जागरण संवाददाता, कटक। शहर के लिंक रोड और बादामबाड़ी के बीच अरुणोदय नगर इलाके में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड हो गया। एक पार्किंग स्थल पर खड़ी बसों में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक आठ बसें जलकर खाक हो गईं। इनमें एक निजी स्कूल की चार बसें भी शामिल हैं। दमकलकर्मियों की तत्परता से पार्किंग में खड़ी सात अन्य बसों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, अरुणोदय नगर में एक गैरेज के पास विभिन्न बसें खड़ी की जाती हैं। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे पार्किंग स्थल से धुआं उठता दिखाई दिया।
कुछ ही देर में वहां खड़ी एक निजी स्कूल की बस आग की लपटों से घिर गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने आसपास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आठ बसें धू-धूकर जलने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही चौलियागंज और बक्सी बाजार दमकल केंद्रों से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक बसों के इंजन और लोहे के ढांचे को छोड़कर बाकी हिस्सा जलकर राख हो चुका था।
आग तेजी से फैलती देख आसपास खड़ी अन्य बसों के चालकों ने भी सूझबूझ दिखाते हुए अपने वाहन तत्काल वहां से हटा लिए।
वहीं, दमकलकर्मियों ने समय रहते कार्रवाई कर सात अन्य बसों को सुरक्षित बचा लिया। इससे इलाके में बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच की जा रही है।