विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा विधानसभा में दूसरे दिन भी भारी हंगामा, कोटिया विवाद और चक्रवात 'अर्णव' पर विपक्ष का शोर; कार्यवाही स्थगित

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:39 AM (IST)

ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र दूसरे दिन भी विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया। कोटिया विवाद और चक्रवात अर्णव ...और पढ़ें

ओडिशा विधानसभा में दूसरे दिन भी भारी हंगामा (सौ. पीटीआई)

ओडिशा विधानसभा में दूसरे दिन भी भारी हंगामा (सौ. पीटीआई)

HighLights

  1. ओडिशा विधानसभा का दूसरा दिन हंगामे की भेंट चढ़ा।

  2. कोटिया विवाद पर कांग्रेस, चक्रवात अर्णव पर बीजद का विरोध।

  3. अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कार्यवाही अपराह्न चार बजे तक स्थगित की।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को भी सदन की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गई। कोटिया विवाद को लेकर कांग्रेस और चक्रवात अर्णव से निपटने में सरकार की कथित विफलता को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। 

विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी के बार-बार आग्रह के बावजूद विपक्षी सदस्यों का शोर-शराबा और नारेबाजी जारी रही। सदन में गतिरोध खत्म नहीं होने पर अध्यक्ष ने कार्यवाही अपराह्न चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

कोटिया विवाद पर सदन में चर्चा कराने की मांग

गुरुवार को प्रश्नकाल शुरू होते ही बीजद और कांग्रेस के विधायक अपनी-अपनी मांगों को लेकर सदन के मध्य भाग में पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। बीजद विधायकों ने चक्रवात अर्णव से निपटने में राज्य सरकार पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, कांग्रेस विधायक कोटिया विवाद पर सदन में चर्चा कराने की मांग कर रहे थे।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सदन का संचालन सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए विपक्ष का सहयोग भी जरूरी है। हालांकि, अध्यक्ष की अपील का विपक्षी विधायकों पर कोई असर नहीं पड़ा।

विपक्षी दलों के सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे

दोनों विपक्षी दलों के सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे। लगातार हंगामे और नारेबाजी के कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित होती रही। अंततः सदन में सामान्य स्थिति बहाल नहीं होने पर अध्यक्ष ने कार्यवाही अपराह्न चार बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी। इस तरह विधानसभा सत्र का दूसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के गोपालपुर से 530 किमी दूर है चक्रवात 'अकवान' का केंद्र, टकराने पर 120 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।