भारत के ग्रीन एनर्जी मिशन को मिली ताकत, NIT राउरकेला के स्मार्ट ईवी चार्जिंग माइक्रोग्रिड तकनीक को मिला पेटेंट
एनआईटी राउरकेला के शोधकर्ताओं ने इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों के लिए एक उन्नत स्मार्ट पावर मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया है।

स्मार्ट पावर मैनेजमेंट सिस्टम को मिला पेटेंट। (जागरण)
HighLights
एनआईटी राउरकेला ने ईवी चार्जिंग सिस्टम का पेटेंट प्राप्त किया।
सौर ऊर्जा, ग्रिड, बैटरी, सुपरकैपेसिटर का कुशल संयोजन।
बैटरी जीवन बढ़ाने वाली 'मिक्स्ड ड्रूप तकनीक' विकसित की।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की तेजी से बढ़ती मांग के बीच नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) राउरकेला के शोधकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
संस्थान की शोध टीम ने एक ऐसी उन्नत तकनीक विकसित की है जो ईवी चार्जिंग स्टेशनों को अधिक कुशल, भरोसेमंद और पर्यावरण के अनुकूल बनाएगी।
इस तकनीक के लिए टीम को पेटेंट (आवेदन संख्या: 202531101758, दिनांक 22 अक्टूबर 2025) भी प्राप्त हो गया है। यह नया सिस्टम सौर ऊर्जा, बिजली ग्रिड, बैटरी और सुपरकैपेसिटर का एक बेहतरीन संयोजन है, जो चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हर तकनीकी सवाल और समस्या का समाधान करता है।
चार्जिंग स्टेशनों की मौजूदा चुनौतियां और उनका सटीक समाधान
वर्तमान में जब कई वाहन एक साथ चार्जिंग के लिए लगाए जाते हैं, तो बिजली की मांग में अचानक भारी उछाल आता है, जिससे स्थानीय पावर ग्रिड के अस्थिर होने का खतरा रहता है।
इसके अलावा, सौर ऊर्जा से चलने वाले स्टेशनों में मौसम या दिन के समय के अनुसार ऊर्जा उत्पादन में उतार-चढ़ाव होता है।

रिसर्च ग्रेजुएट डॉ. अनिंद्य भारती।
अतिरिक्त ऊर्जा को स्टोर करने के लिए बैटरियों का उपयोग होता है, लेकिन बार-बार चार्ज और डिस्चार्ज होने से उनकी उम्र तेजी से घटती है।
इन सभी चुनौतियों का स्थायी समाधान निकालने के लिए एनआईटी राउरकेला के प्रोफेसर प्रभात कुमार रे, एसोसिएट प्रोफेसर अर्नब घोष और रिसर्च ग्रेजुएट डॉ. अनिंद्य भारती ने एक विशेष सौर-संचालित ईवी चार्जिंग माइक्रोग्रिड डिजाइन किया है।
सुपरकैपेसिटर और उन्नत तकनीक से बढ़ेगी बैटरी की लाइफ
इस नई प्रणाली में शोध टीम ने एक उन्नत 'मिक्स्ड ड्रूप तकनीक' विकसित की है। यह एक स्मार्ट कंट्रोल विधि है, जो बदलती परिस्थितियों के अनुसार बिजली का स्वचालित वितरण करती है।
इस कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग केने कहा कि विकसित माइक्रोग्रिड में बैटरियां धीमी और निरंतर बिजली की मांग को संभालती हैं।

प्रोफेसर प्रभात कुमार रे।
वहीं, इसमें इस्तेमाल किए गए सुपरकैपेसिटर ऊर्जा को बेहद तेजी से सोखने और छोड़ने में सक्षम हैं। इसलिए जब भी बिजली की मांग में अचानक कोई उतार-चढ़ाव आता है, तो सुपरकैपेसिटर उसे संभाल लेते हैं। इससे बैटरियों पर दबाव नहीं पड़ता और उनकी लाइफ काफी बढ़ जाती है।
ग्रिड और वाहनों के बीच बिजली का सुरक्षित दोतरफा प्रवाह
आमतौर पर इलेक्ट्रिक वाहन मुख्य ग्रिड से बिजली लेते हैं, जिसे ग्रिड-टू-व्हीकल (जी2वी) चार्जिंग कहा जाता है। इसके विपरीत, व्हीकल-टू-ग्रिड (वी2जी) तकनीक वह व्यवस्था है जिसमें जरूरत पड़ने पर ईवी की बैटरी से वापस ग्रिड को बिजली सप्लाई की जा सकती है।
एनआईटी राउरकेला द्वारा विकसित यह तकनीक इस दोतरफा प्रवाह को सुरक्षित और कुशल तरीके से प्रबंधित करती है।
यह सिस्टम वोल्टेज को नियंत्रित करने, बैटरी के चार्ज स्तर के आधार पर बिजली की मात्रा तय करने और वाहनों से ग्रिड में जाने वाली बिजली को सुचारू रूप से नियंत्रित करने में पूरी तरह सक्षम है। शोध टीम ने सोलर जनरेशन और बिजली की मांग में बदलाव करके इसके प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण भी कर लिया है।
भविष्य की योजनाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान
भविष्य के कदमों की जानकारी देते हुए एसोसिएट प्रोफेसर अर्नब घोष ने बताया कि अब टीम इस प्रोटोटाइप को बड़े स्तर के उच्च-क्षमता वाले ईवी चार्जिंग सिस्टम के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है।

प्रोफेसर अर्नब घोष।
इसमें उन्नत बैटरी प्रबंधन, रियल-टाइम फील्ड परीक्षण और उद्योग के अनुकूल स्मार्ट समाधान तैयार किए जाएंगे।
चूंकि भारत सरकार प्रदूषण कम करने, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने और 2070 तक 'नेट-जीरो' उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ईवी को बढ़ावा दे रही है, ऐसे में एनआईटी राउरकेला की यह तकनीक मील का पत्थर साबित हो सकती है।
भविष्य में इस तकनीक का उपयोग आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत और सार्वजनिक ईवी चार्जिंग सुविधाओं में व्यापक स्तर पर किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- कटहल के छिलकों से अब शुद्ध होगा पीने का पानी, NIT राउरकेला ने विकसित की सस्ती तकनीक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।