NIT ने बेकार प्रोटीन से बनाया अनोखा जेल, जो भरेगा गहरे घाव और शरीर में सटीक जगह पहुंचाएगा दवा
एनआईटी राउरकेला के शोधकर्ताओं ने फार्मा कंपनियों द्वारा फेंके गए निष्क्रिय प्रोटीन से एक विशेष हाइड्रोजेल विकसित किया है। यह हाइड्रोजेल गंभीर घावों को भरने, ऊतकों के पुनर्निर्माण और लक्षित दवा वितरण में बेहद कारगर साबित हो सकता है।

फार्मा कंपनियों के बेकार प्रोटीन से बनाया घाव भरने वाला हाइड्रोजेल। सोर्स: एनआईटी राउरकेला
HighLights
निष्क्रिय प्रोटीन से बना हाइड्रोजेल घाव भरने में सहायक।
ऊतक पुनर्निर्माण और लक्षित दवा वितरण में कारगर।
एनआईटी राउरकेला शोधकर्ताओं का चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। दवा कंपनियों की ओर से बेकार समझकर फेंक दिए जाने वाले निष्क्रिय प्रोटीन अब गंभीर घावों को भरने और शरीर के भीतर सटीक दवा पहुंचाने के काम आएंगे। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला के शोधकर्ताओं ने इस दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है।
संस्थान के प्रो. हरेकृष्ण साहू, प्रो. मोनालिसा मिश्रा और प्रो. देवेंद्र वर्मा की टीम ने फार्मास्युटिकल और बायोटेक्नोलॉजी कंपनियों के कचरे (निष्क्रिय प्रोटीन) को एक विशेष प्रकार के हाइड्रोजेल में बदल दिया है।
यह हाइड्रोजेल घाव भरने, ऊतकों के पुनर्निर्माण (टिशू रीजेनरेशन) और टारगेटेड ड्रग डिलीवरी में बेहद कारगर साबित हो सकता है।

इस महत्वपूर्ण शोध को रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री के प्रतिष्ठित 'जर्नल ऑफ मैटेरियल्स केमिस्ट्री बी' (2026) में स्थान मिला है। साथ ही, इस तकनीक को 6 नवंबर 2025 को भारतीय पेटेंट (आवेदन संख्या: 202531107839) भी प्राप्त हो चुका है।
आखिर फार्मा कंपनियां इस प्रोटीन को क्यों फेंक देती हैं, इस सवाल के जवाब में वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रोटीन मानव शरीर के लिए अत्यंत आवश्यक और नाजुक अणु होते हैं। अधिक गर्मी, रसायनों या कठोर प्रसंस्करण परिस्थितियों के संपर्क में आने पर इनकी त्रि-आयामी संरचना बिगड़ जाती है।
संरचना खुलने के बाद ये अणु आपस में चिपककर गुच्छे (एग्रीगेट्स) बना लेते हैं और अपनी जैविक क्षमता खो देते हैं। इसी कारण दवा कंपनियां इन्हें अनुपयोगी मानकर नष्ट कर देती हैं।
एनआइटी राउरकेला की टीम ने इसी बेकार प्रोटीन को उपयोगी बनाने की अनूठी तकनीक विकसित की। इसके लिए शोधकर्ताओं ने बीएमपी-2 प्रोटीन को लगभग 85 डिग्री सेल्सियस तापमान पर दस मिनट तक गर्म किया, जिससे उसकी संरचना खुल गई।

इसके बाद रासायनिक प्रतिक्रिया के जरिए इसके गुच्छे तैयार किए गए और फिर इनमें हाइड्रोजन पेरोक्साइड तथा हायल्यूरोनिक एसिड मिलाकर इसे जेल का रूप दिया गया। इस हाइड्रोजेल में अत्यंत सूक्ष्म छिद्र होते हैं, जो पानी को सोखने, दवाओं को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और शरीर के ऊतकों के साथ बेहतर तालमेल बिठाने में सक्षम हैं।
रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. हरेकृष्ण साहू ने बताया कि बीएमपी-2 प्रोटीन और हायल्यूरोनिक एसिड के संयुक्त प्रभाव से इस हाइड्रोजेल की संरचना, एंटीआक्सीडेंट क्षमता और दवा को धीरे-धीरे छोड़ने की खूबी में जबरदस्त सुधार हुआ है।
प्रयोगशाला में हुए परीक्षणों के दौरान शोधकर्ताओं ने इस हाइड्रोजेल में एम्पीसिलीन एंटीबायोटिक भरकर इसकी दवा छोड़ने की क्षमता की जांच की, जिसके परिणाम टारगेटेड ड्रग डिलीवरी के लिए बेहद उत्साहजनक रहे।
इसके अलावा, इस जेल ने घाव भरने के लिए जिम्मेदार फाइब्रोब्लास्ट कोशिकाओं के विकास में भी मदद की।
लाइफ साइंसेज विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर मोनालिसा मिश्रा ने बताया कि इस नए हाइड्रोजेल की घाव भरने की क्षमता का जीवित परीक्षण ड्रोसोफिला मेलानोगास्टर (फल मक्खी) पर किया गया, जिसके नतीजे काफी सकारात्मक रहे। हालांकि, इंसानों पर क्लीनिकल ट्रायल से पहले बड़े जानवरों पर इसकी जैव-अनुकूलता साबित करनी होगी।
आम लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यह तकनीक इंसानों के इलाज के लिए कब तक उपलब्ध होगी।
इस पर बायोटेक्नोलॉजी एवं मेडिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. देवेंद्र वर्मा ने स्पष्ट किया कि सेल-लाइन के नतीजे बेहद उम्मीद जगाने वाले हैं। यदि बड़े जानवरों पर होने वाले परीक्षण में यह पूरी तरह सुरक्षित और विष-रहित साबित होता है, तो यह क्लीनिकल ट्रायल के लिए एक बेहतरीन विकल्प होगा।
उन्होंने बताया कि बड़े जानवरों पर परीक्षण की इस प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग 10 से 12 महीने का समय लग सकता है, जिसके बाद इंसानों पर क्लीनिकल ट्रायल का रास्ता साफ हो सकेगा।
एनआईटी राउरकेला का यह नवाचार चिकित्सा क्षेत्र में टिकाऊ बायोमैटेरियल विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- किसानों के लिए वरदान: बिना केमिकल मानव मूत्र से बनेगी 'स्ट्रुवाइट' खाद, भिंडी और तुलसी पर टेस्ट पास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।