विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसानों के लिए वरदान: बिना केमिकल मानव मूत्र से बनेगी 'स्ट्रुवाइट' खाद, भिंडी और तुलसी पर टेस्ट पास

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:36 PM (IST)

एनआईटी राउरकेला के शोधकर्ताओं ने मानव मूत्र से 'स्ट्रुवाइट' नामक धीमी गति से असर करने वाला उर्वरक बनाने की एक इलेक्ट्रोकेमिकल विधि विकसित की है।

शोधार्थी अलीशा जफर। सौ: एनआईटी

शोधार्थी अलीशा जफर। सौ: एनआईटी

HighLights

  1. मानव मूत्र से स्ट्रुवाइट उर्वरक बनाने की नई इलेक्ट्रोकेमिकल विधि विकसित।

  2. यह तकनीक रासायनिक खादों का सस्ता, पर्यावरण अनुकूल विकल्प प्रदान करती।

  3. उच्च फास्फोरस रिकवरी, फसलों पर प्रभावी, आर्थिक रूप से भी व्यवहार्य।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला के शोधकर्ताओं ने कचरा प्रबंधन और संसाधन संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। संस्थान के विज्ञानियों ने एक ऐसी इलेक्ट्रोकेमिकल प्रक्रिया विकसित की है, जिसके माध्यम से मानव मूत्र से 'स्ट्रुवाइट' नामक धीमी गति से असर करने वाला उर्वरक (खाद) निकाला जा सकता है।

प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका जर्नल ऑफ वाटर प्रोसेस इंजीनियरिंग में प्रकाशित यह शोध न केवल अपशिष्ट निपटान की समस्या का समाधान पेश करता है, बल्कि महंगे रासायनिक खादों का एक सस्ता और पर्यावरण अनुकूल विकल्प भी देता है।

पौधों की वृद्धि और मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के लिए किसान आमतौर पर नाइट्रोजन-फास्फोरस-पोटाशियम (एनपीके) उर्वरकों का उपयोग करते हैं। इनमें फास्फोरस एक प्रमुख पोषक तत्व है, लेकिन औद्योगिक स्तर पर इन खादों के निर्माण में भारी ऊर्जा और धन खर्च होता है।

इसके विकल्प के रूप में विज्ञानियों ने पहले भी मानव मूत्र से नाइट्रोजन और फास्फोरस निकालने के लिए रासायनिक अवक्षेपण (केमिकल प्रेसिपिटेशन) जैसी विधियों का उपयोग किया था, लेकिन उनमें लगातार क्षारीय रसायनों और बाहरी मैग्नीशियम लवणों की आवश्यकता पड़ती थी, जिससे संचालन लागत काफी बढ़ जाती थी।

इस चुनौती को दूर करने के लिए एनआईटी राउरकेला के जैव प्रौद्योगिकी और चिकित्सा अभियांत्रिकी (बायोटेक्नोलॉजी एंड मेडिकल इंजीनियरिंग) विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. पी. बालसुब्रमण्यन, एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. शिवरमन जे., असिस्टेंट प्रोफेसर प्रो. बिकाश चंद्र महाराज और शोधार्थी अलीशा जफर की टीम ने यह नई इलेक्ट्रोकेमिकल तकनीक विकसित की है।

इस अनूठी विधि में बाहरी रसायनों को मिलाने के बजाय बिजली के माध्यम से रासायनिक अभिक्रिया कराई जाती है। इसमें मैग्नीशियम इलेक्ट्रोड का उपयोग किया जाता है, जो मूत्र में विद्युत प्रवाह करने पर धीरे-धीरे घुलता है और उसमें मौजूद अन्य तत्वों के साथ क्रिया कर स्ट्रुवाइट खाद का निर्माण करता है।

इस तकनीक के बारे में प्रो. पी. बालसुब्रमण्यन ने बताया कि यह पोषक तत्वों की प्राप्ति के लिए एक टिकाऊ और रसायन-मुक्त मार्ग प्रदान करती है। मैग्नीशियम एनोड के उपयोग से आवश्यक मैग्नीशियम आयन सिस्टम के भीतर ही उत्पन्न हो जाते हैं, जिससे बाहरी रसायनों की जरूरत खत्म हो जाती है और पूरी प्रक्रिया पर सटीक नियंत्रण रहता है। यह तकनीक कॉम्पैक्ट और मॉड्यूलर होने के कारण विकेंद्रीकृत उपयोग के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।

हालांकि इस प्रणाली में एक बड़ी तकनीकी चुनौती इलेक्ट्रोड की सतह पर गाद (स्लज) जमा होने की थी, जिससे बिजली का प्रवाह बाधित होता था और सिस्टम की कार्यक्षमता घट जाती थी। इस समस्या के समाधान के लिए शोध टीम ने रिवर्स पोलराइजेशन प्रक्रिया का इस्तेमाल किया।

इसमें समय-समय पर विद्युत प्रवाह की दिशा बदल दी जाती है, जिससे इलेक्ट्रोड पर जमी परत अपने आप साफ हो जाती है और मैग्नीशियम का घोल में समान रूप से मिश्रण सुनिश्चित होता है।

शोध टीम ने इस तकनीक का परीक्षण पुरुषों के मूत्रालयों से एकत्र किए गए मूत्र पर 5 लीटर और 35 लीटर क्षमता वाले दो बड़े रिएक्टरों में किया। प्रयोगशाला परीक्षण में 5 लीटर के रिएक्टर से 98 प्रतिशत से अधिक और 35 लीटर के रिएक्टर से 91 प्रतिशत से अधिक फास्फोरस की सफलतापूर्वक रिकवरी की गई।

एक्स-रे विवर्तन (एक्सआरडी) और एफटीआईआर जांच में प्राप्त पदार्थ के शुद्ध स्ट्रुवाइट होने की पुष्टि हुई। इतना ही नहीं, तुलसी, लोबिया और भिंडी की फसलों पर इसके परीक्षण से यह साबित हुआ कि यह खाद बाजार में उपलब्ध व्यावसायिक एनपीके उर्वरकों के समान ही प्रभावी है।

इस तकनीक के व्यावहारिक और आर्थिक पहलू पर प्रकाश डालते हुए प्रो. बालसुब्रमण्यन ने बताया कि तकनीकी-आर्थिक विश्लेषण के अनुसार, उच्च परिचालन लागत के कारण 35 लीटर के रिएक्टर से केवल स्ट्रुवाइट निकालना आर्थिक रूप से लाभदायक नहीं है।

इसे व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए अमोनियम सल्फेट जैसी अन्य पोषक तत्व रिकवरी प्रक्रियाओं को भी इसके साथ जोड़ना आवश्यक है। जब इस एकीकृत प्रणाली को 500 लीटर के पायलट स्तर पर परखा गया, तो यह वित्तीय रूप से पूरी तरह सफल रही।

इसमें निवेश की वापसी (पेबैक टाइम) 6.55 वर्ष और आंतरिक प्रतिफल दर (आइआरआर) 13 प्रतिशत आंकी गई, जो साबित करती है कि बहु-पोषक तत्व रिकवरी ही इसे आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने की कुंजी है।

भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए शोध टीम ने बताया कि अब उनका लक्ष्य निरंतर प्रवाह वाली इलेक्ट्रोकोएगुलेशन प्रणाली विकसित करना, स्ट्रुवाइट आधारित खाद का खेतों में व्यापक परीक्षण (फील्ड ट्रायल) करना, ग्रीन हाइड्रोजन रिकवरी के लिए तकनीक को अपग्रेड करना और इसके व्यावहारिक कार्यान्वयन के लिए एक व्यापक जीवन चक्र मूल्यांकन (लाइफ साइकिल असेसमेंट) करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।