होटल में नहीं मिला खाना तो मरे कुत्ते का मांस खाने लगा युवक, ओडिशा से आई झकझोर देने वाली तस्वीर
संबलपुर के मानेश्वर चौक पर भूख से बेहाल एक मानसिक रोगी व्यक्ति को सड़क पर मृत कुत्ते का मांस खाते देखा गया।

सड़क पर कुत्ते के मांस के टुकड़े खाता व्यक्ति। (जागरण)
HighLights
संबलपुर मानेश्वर चौक पर मानसिक रोगी ने खाया कुत्ते का मांस।
भूख की पीड़ा से विचलित कर देने वाला यह दृश्य।
मानसिक रोगियों के पुनर्वास में प्रशासनिक विफलता उजागर हुई।
संवाद सहयोगी, संबलपुर। मनुष्य की भूख की पीड़ा कितनी असहनीय हो सकती है, उसका समाज को विचलित करने वाला एक दृश्य संबलपुर जिला के सदर थाना अंतर्गत मानेश्वर चौक के सामने देखने को मिला।
संबलपुर-कटक रोड पर स्थित संबलपुर शहर के बाहरी इलाके मानेश्वर चौक पर शुक्रवार की रात करीब 9.10 से 9.15 बजे के बीच आवाजाही कर रहे लोगों ने सड़क पर जाते समय यह दृश्य देखा।
दृश्य बहुत ही विचलित कर देने वाला था। एक व्यक्ति सड़क के बीच में बैठकर सड़क पर पड़े और गाड़ी की टक्कर से मृत कुत्ते का मांस नोच नोचकर खा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति मानसिक रोगी समझ आ रहा था। यह दृश्य देखकर ऐसा लग रहा है कि असहाय मानसिक रोगियों के पुनर्वास की दिशा में प्रशासन जिस तरह सहायता का हाथ बढ़ाने की बात कह रहा है, यह उसकी विफलता को उजागर कर रहा है, ऐसी लोगों के बीच चर्चा हो रही है।
लोगों ने मांस खाने से किया मना
व्यक्ति जिस तरह खा रहा था, उससे उसे अत्यधिक भूख लगी होने का पता चल रहा था। कपड़ों के पहनावे से व्यक्ति के मानसिक रोगी होने का स्पष्ट पता चल रहा था।
घटनास्थल पर कुछ लोगों ने उसे ऐसा मांस खाने के लिए मना किया। लेकिन उस व्यक्ति ने कुछ नहीं माना और मांस खाता रहा। कुछ देर बाद वह अत्यंत हिंसक व्यवहार भी कर रहा था।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह व्यक्ति शाम को पास के एक होटल में गया था। कुछ न मिलने से संभवतः भूख सहन न कर पाने के कारण कुत्ते का मांस खाया होगा, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद, कुछ स्थानीय लोगों ने उसे पका हुआ खाना और सूखा राशन दिया।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में 180 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में दिल्ली का कारोबारी गिरफ्तार, ED को मिली 6 दिन की रिमांड