ओडिशा में 180 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में दिल्ली का कारोबारी गिरफ्तार, ED को मिली 6 दिन की रिमांड
ईडी ने ओडिशा में 180 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ऋण घोटाले में दिल्ली के कारोबारी बलबीर सिंह मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
ईडी ने दिल्ली के कारोबारी बलबीर मल्होत्रा को ओडिशा में गिरफ्तार किया।
यह गिरफ्तारी 180 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ऋण घोटाले में हुई।
मल्होत्रा पर ऋण राशि के अवैध हस्तांतरण की साजिश का आरोप।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ईडी ने ओडिशा में 180 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ऋण घोटाले के मामले में दिल्ली निवासी कारोबारी बलबीर सिंह मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है।
उसे धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
ईडी के भुवनेश्वर जोनल कार्यालय के अनुसार, जांच में सामने आया है कि मल्होत्रा ने ओडिशा के एक व्यक्ति के साथ मिलकर बैंक से मिले ऋण की राशि को दूसरी जगह हस्तांतरित करने की साजिश रची थी।
एक बीयर निर्माण संयंत्र परियोजना के लिए स्वीकृत ऋण का 80 प्रतिशत हिस्सा आरोपित की फर्म को मिला था। घोटाले से ओडिशा स्थित दो सरकारी बैंकों को 180 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
मामले में आगे की जांच के लिए ईडी ने अदालत से आरोपित की छह दिनों की रिमांड हासिल की है। एजेंसी अब ऋण की राशि के इस्तेमाल, उसके हस्तांतरण और घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।