भुवनेश्वर के कुआखाई घाट पर अव्यवस्था से भड़के छठव्रती: गंदे पानी और खुले तारों पर जताया गुस्सा
भुवनेश्वर के कुआखाई घाट पर छठ महापर्व की व्यवस्थाओं से छठव्रती और श्रद्धालु नाराज दिखे।
HighLights
कुआखाई घाट पर छठ पूजा की व्यवस्थाओं से श्रद्धालु असंतुष्ट दिखे।
साफ-सफाई, पानी की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठे।
कई छठव्रतियों ने असुविधा के कारण दूसरे घाटों पर पूजा की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर के कुआखाई घाट पर छठ महापर्व के आयोजन को लेकर की गई व्यवस्थाओं पर इस बार छठव्रतियों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।
घाट की साफ-सफाई, पानी की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवालों के बीच कई छठव्रतियों ने वहां पूजा करने से परहेज किया।
कुछ व्रती घाट का दौरा करने के बाद ही अपनी योजना बदलकर दूसरे घाट पर पहुंच गईं, जबकि कई श्रद्धालु तो कुआखाई घाट पर पहुंचे तक नहीं।
गौरतलब है कि कई वर्षों के अंतराल के बाद इस बार कुआखाई घाट पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी विश्वास संस्था ने संभाली है।
संस्था की ओर से घाट पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं किए जाने की बात थी, लेकिन मौके पर नजर आई कथित अव्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं में असंतोष पैदा हो गया। लोगों का कहना था कि छठ जैसे आस्था और स्वच्छता से जुड़े महापर्व के लिए घाट पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए थे।
चेंजिंग रूम के पास भी अव्यवस्था
छठव्रतियों ने सबसे अधिक चिंता नदी के पानी की स्थिति को लेकर जताई। उनका कहना था कि छठ पूजा में व्रती घंटों पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में पानी की स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन और आयोजन की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए थी।
वहीं, घाट पर बनाए गए चेंजिंग रूम के आसपास भी अव्यवस्था देखने को मिली। यहां बिजली के तार बिखरे पड़े थे। छठ पूजा के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है।
खुले बिजली के तार
ऐसे में खुले और बिखरे बिजली के तार किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते थे। श्रद्धालुओं ने इसे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई।
छठव्रतियों का कहना था कि कई वर्षों बाद जब घाट की व्यवस्था की जिम्मेदारी किसी संस्था ने ली थी, तो लोगों को बेहतर इंतजाम की उम्मीद थी।
लेकिन पानी की स्थिति, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी समस्याओं ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कई परिवारों ने असुविधा और सुरक्षा की चिंता को देखते हुए दूसरे घाटों पर पूजा करने का निर्णय लिया।
श्रद्धालुओं ने सवाल उठाया कि जब छठ पूजा की तैयारियां पहले से की जा रही थीं, तो घाट का निरीक्षण कर इन कमियों को समय रहते दूर क्यों नहीं किया गया।
लोगों ने संबंधित संस्था और प्रशासन से घाट की नियमित सफाई, नदी के पानी की गुणवत्ता की जांच तथा बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने की मांग की है।
छठ महापर्व में स्वच्छता, शुद्धता और सुरक्षा का विशेष महत्व है। ऐसे में राजधानी के प्रमुख छठ घाटों में शामिल कुआखाई घाट पर व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों ने आयोजन की तैयारियों पर सवालिया निशान लगा दिया है।
यह भी पढ़ें- होटल में नहीं मिला खाना तो मरे कुत्ते का मांस खाने लगा युवक, ओडिशा से आई झकझोर देने वाली तस्वीर