ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर फिर बढ़ा तनाव, कोटिया में भाजपा विधायक और पुलिस आमने-सामने
ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित कोटिया में सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।

विधायक की आंध्र प्रदेश पुलिस से बहस। फोटो इंटरनेट मीडिया
HighLights
कोटिया में ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा विवाद फिर गरमाया।
भाजपा विधायक के विरोध के बाद आंध्र पुलिस हटी।
दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित कोटिया में एक बार फिर सीमा विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कोरापुट के विधायक रघुराम माछ के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल के कोटिया दौरे के दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस की मौजूदगी को लेकर विवाद हो गया।
इस दौरान ओडिशा और आंध्र प्रदेश पुलिस के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात विधायक रघुराम माछ के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल कोटिया पहुंचा था। वहां आंध्र प्रदेश पुलिस की मौजूदगी देखकर विधायक और भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने आंध्र पुलिस की तैनाती पर सवाल उठाते हुए ‘आंध्र पुलिस गो बैक’ के नारे लगाए। इससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
विधायक माछ ने सवाल उठाया कि ओडिशा की भूमि पर आंध्र प्रदेश पुलिस किस आधार पर तैनात है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोटिया ओडिशा का हिस्सा है और यहां आंध्र प्रदेश का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आंध्र प्रदेश की ओर से हस्तक्षेप पर नाराजगी जताते हुए इसका विरोध किया।
इस घटनाक्रम के दौरान ओडिशा और आंध्र प्रदेश पुलिस के बीच भी कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। विधायक और भाजपा प्रतिनिधिमंडल के कड़े विरोध के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस के वहां से हटने की बात कही गई है।
कोटिया में सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर बढ़े तनाव के बाद स्थानीय स्तर पर असंतोष देखा जा रहा है। स्थिति को देखते हुए ओडिशा प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए नजर रख रहा है।
