विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कावेरी नदी के पार तक फैला था ओडिशा का गजपति साम्राज्य, तमिलनाडु के मंदिरों में मिले 15वीं सदी के 2 शिलालेख

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:32 PM (GMT+05:30)

गजपति साम्राज्य का विस्तार कावेरी नदी के पार दक्षिण भारत तक होने का ऐतिहासिक प्रमाण तमिलनाडु के मुन्नूर गांव में मिले 15वीं शताब्दी के दो शिलालेखों से सामने आया है। 

तमिलनाडु के विलुप्पुरम जिले के मुन्नूर गांव में मिले 15वीं शताब्दी के दो शिलालेख। (जागरण)

तमिलनाडु के विलुप्पुरम जिले के मुन्नूर गांव में मिले 15वीं शताब्दी के दो शिलालेख। (जागरण)

HighLights

  1. तमिलनाडु में मिले 15वीं शताब्दी के दो गजपति शिलालेख।

  2. शिलालेख गजपति साम्राज्य के दक्षिण भारत विस्तार की पुष्टि करते हैं।

  3. दक्षिण कपिलेश्वर ने मंदिरों की मरम्मत, भोग व्यवस्था की।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के सूर्यवंशी गजपति साम्राज्य का विस्तार कावेरी नदी के पार दक्षिण भारत तक था। इसका ऐतिहासिक प्रमाण तमिलनाडु के विलुप्पुरम जिले के मुन्नूर गांव में मिले 15वीं शताब्दी के दो शिलालेखों से सामने आया है।

ये शिलालेख अढ़ाबलेश्वर शिव मंदिर और पेरुमल पुरुषोत्तम विष्णु मंदिर की दीवारों पर उत्कीर्ण हैं। इनमें वर्ष 1464 में मंदिरों की मरम्मत कराने और विशेष भोग की व्यवस्था करने का उल्लेख है।

इस खोज से गजपति साम्राज्य के दक्षिण भारत में राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्रीय विस्तार पर नई रोशनी पड़ी है।

दक्षिण भारत में कलिंग के इतिहास से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों की खोज कर रहे ‘रीडिस्कवर लॉस्ट हेरिटेज ट्रस्ट’ के सदस्यों ने इन शिलालेखों का पता लगाया है।

ट्रस्ट के सुमन प्रकाश स्वाईं, बी. शिवप्रसाद और दीपक कुमार नायक ने यह महत्वपूर्ण खोज की। इतिहास एवं विरासत शोधकर्ता दीपक कुमार नायक के अनुसार, वर्ष 1919 में प्रकाशित ‘एनुअल रिपोर्ट ऑन साउथ इंडियन एपिग्राफी’ में मुन्नूर के इन अभिलेखों का उल्लेख मिला था।

इसके बाद उनकी टीम ने तमिलनाडु में कलिंग से संबंधित पुरातात्विक अवशेषों का दस्तावेजीकरण करते समय इन्हें खोजा।

शिलालेखों की तस्वीरें तमिल लिपि विशेषज्ञ धनशेखर प्रभाकरण को भेजी गईं। उनके अध्ययन में सामने आया कि ये अभिलेख गजपति कपिलेंद्रदेव के पौत्र और हम्बीरदेव के पुत्र दक्षिण कपिलेश्वर महापात्र की ओर से जारी किए गए थे।

पिता के कल्याण के लिए शुरू कराया था विशेष भोग

अभिलेखों के अनुसार, वर्ष 1464 में दक्षिण कपिलेश्वर महापात्र ने दोनों मंदिरों की मरम्मत कराने के साथ ‘हम्बीरभोग’ नाम से विशेष भोग की व्यवस्था की थी। माना जाता है कि यह भोग उनके पिता हम्बीरदेव के कल्याण के लिए शुरू कराया गया था।

शिलालेखों में कोंडापल्ली, अडांकी, विनुकोंडा, पड़ैविडु, त्रिचनापल्ली, चंद्रगिरि और तिरुवारुर जैसे क्षेत्रों पर दक्षिण कपिलेश्वर महापात्र के शासन का भी उल्लेख है।

ये क्षेत्र वर्तमान तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्थित हैं। इससे 15वीं शताब्दी में ओडिशा के गजपति साम्राज्य के व्यापक राजनीतिक और सैन्य प्रभाव का पता चलता है।

पुरुषोत्तम नाम में दिखी जगन्नाथ भक्ति

पेरुमल पुरुषोत्तम विष्णु मंदिर के देवता को पुरुषोत्तम नाम से संबोधित किया जाना भी ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

भगवान श्रीजगन्नाथ को भी पुरुषोत्तम कहा जाता है। इसे दक्षिण भारत तक गजपति शासकों की धार्मिक आस्था और श्रीजगन्नाथ संस्कृति के प्रभाव का प्रमाण माना जा रहा है।

दीपक कुमार नायक ने इन दोनों शिलालेखों के एस्टैम्पेज (कागजी प्रतिकृति) तैयार कर उनकी प्रतियां ओडिशा राज्य संग्रहालय में सुरक्षित रखने का सुझाव दिया है। इससे ओडिशा के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी इस महत्वपूर्ण धरोहर को संरक्षित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- गर्भवती महिला पुलिसकर्मियों को राहत: आवेदन करते ही मिलेगी छुट्टी; ओडिशा DGP का फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।