विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्भवती महिला पुलिसकर्मियों को राहत: आवेदन करते ही मिलेगी छुट्टी; ओडिशा DGP का फैसला

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:14 PM (GMT+05:30)

ओडिशा में गर्भवती और प्रसूता महिला पुलिसकर्मियों को अब ड्यूटी के दौरान विशेष सहूलियतें मिलेंगी। उन्हें आवेदन पर अवकाश मिलेगा और रात की गश्त जैसी कठिन ड्यूटी से छूट दी जाएगी।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई तस्वीर।

HighLights

  1. गर्भवती महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में विशेष सहूलियतें मिलेंगी।

  2. आवेदन करने पर तुरंत अवकाश और कठिन ड्यूटी से छूट मिलेगी।

  3. महिला अधिकारी सुनेंगी शिकायतें, एसपी को संवेदनशीलता का निर्देश।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में गर्भवती और प्रसूता महिला पुलिसकर्मियों को अब ड्यूटी के दौरान विशेष सहूलियत मिलेगी। पुलिस विभाग गर्भावस्था से पहले और बाद में उनकी देखभाल की जिम्मेदारी उठाएगा।

इसके लिए आवेदन करते ही उन्हें अवकाश उपलब्ध कराया जाएगा। गर्भवती महिला पुलिसकर्मियों को रात में गश्त और थानों में डीसीओ जैसी कठिन ड्यूटी भी नहीं करनी होगी। वे अपनी सुविधा के अनुसार ड्यूटी में बदलाव भी करा सकेंगी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनयतोष मिश्रा ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

ऐसे में महिला पुलिसकर्मियों को काम के दबाव से राहत देने के साथ उनके स्वास्थ्य और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्भवती महिला पुलिसकर्मियों को अपनी देखभाल, खानपान और आराम के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए।

महिला अधिकारी सुनेंगी शिकायतें

डीजीपी ने निर्देश दिया है कि महिला पुलिसकर्मियों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई महिला अधिकारी करेंगी।

यदि किसी थाने के प्रभारी उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं देते हैं तो वे एसडीपीओ या एसपी के पास अपनी बात रख सकती हैं। जरूरत पड़ने पर सीधे डीजीपी से भी शिकायत कर सकती हैं।

एसपी को संवेदनशीलता बरतने का निर्देश

डीजीपी ने राज्य के सभी एसपी को संदेश देते हुए कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लें। किसी की शिकायत सामने आने पर अधिकारी कम से कम एक मिनट के लिए खुद को शिकायतकर्ता की जगह रखकर सोचें।

यह समझने का प्रयास करें कि यदि वे स्वयं ऐसी परिस्थिति में होते तो उनसे किस तरह के सहयोग और समाधान की अपेक्षा रखते। महिला पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- खत्म हुआ ‘जगन्नाथ धाम’ विवाद: दीघा मंदिर का बदला आधिकारिक नाम, ओडिशा CM माझी ने शुभेंदु को जताया आभार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।