विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हावड़ा-मुंबई रेल ट्रैक पर आया 25 हाथियों का झुंड, रुकी रहीं ज्ञानेश्वरी और आजाद हिंद समेत दर्जनभर ट्रेनें

Published: Mon, 19 Oct 2026 04:31 PM (IST)

हावड़ा-मुंबई मार्ग पर 19 अक्टूबर 2026 को हाथियों की आवाजाही के कारण रेल यातायात बाधित हुआ।

सुंदरगढ़ कलेक्टर, राउरकेला के डीएफओ, चक्रधरपुर के डीआरएम व बंडामुंडा एआरएम हाथियों के गतिविधि की मॉनिटरिंग करते। (जागरण)

सुंदरगढ़ कलेक्टर, राउरकेला के डीएफओ, चक्रधरपुर के डीआरएम व बंडामुंडा एआरएम हाथियों के गतिविधि की मॉनिटरिंग करते। (जागरण)

HighLights

  1. हावड़ा-मुंबई मार्ग पर हाथियों से रेल यातायात बाधित।

  2. बंडामुंडा सेक्शन में 25 हाथियों का झुंड देखा गया।

  3. कई ट्रेनें रोकी गईं, गति सीमा लागू की गई।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। हावड़ा-मुंबई मार्ग पर वन्यजीवों की आवाजाही के कारण 19 अक्टूबर 2026 को रेल यातायात में भारी बाधा उत्पन्न हुई।

चक्रधरपुर मंडल के तहत बंडामुंडा सेक्शन में रेलवे ट्रैक के पास लगभग 25 हाथियों का एक झुंड आ गया, जिसके संबंध में वन विभाग से लगातार संदेश प्राप्त हो रहे थे।

वन्यजीवों और रेलवे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुंदरगढ़ के कलेक्टर डॉ. शुभंकर महापात्र, राउरकेला के डीएफओ श्री मीणा, रेलवे डीआरएम और एआरएम ने संयुक्त रूप से हाथियों की इस गतिविधि की सघन निगरानी की।

हाथियों की इस आवाजाही के कारण बंडामुंडा सेक्शन में ए-केबिन, पी-केबिन और डी-केबिन के बीच कई बार ट्रेनों का परिचालन एहतियातन रोका गया।

ट्रेनों के थमे पहिए

सबसे पहले रात 12:25 बजे से 12:40 बजे तक ए-केबिन और पी-केबिन के बीच ट्रेनों की आवाजाही रोकी गई, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।

इसके पश्चात रात 01:18 बजे से 02:25 बजे तक ए-केबिन और डी-केबिन के बीच सभी लाइनों पर परिचालन रोका गया, जिसे बाद में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के साथ शुरू किया गया।

तड़के 04:15 बजे से 05:20 बजे तक पी-केबिन से ए-केबिन और ए-केबिन से डी-केबिन के बीच एक बार फिर ट्रेनें रोकी गईं, और बाद में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के साथ परिचालन पुनः बहाल हुआ।

इसके उपरांत सुबह 07:15 बजे सभी अप और डाउन लाइनों पर पी-केबिन और ए-केबिन के बीच ट्रेनों का परिचालन पुनः रोका गया, जिसे स्थिति सुरक्षित होने के बाद सुबह 08:05 बजे 30 किलोमीटर प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति सीमा के साथ फिर से शुरू किया गया।

हाथियों की आवाजाही के कारण प्रभावित होने वाली ट्रेनों में ट्रेन नंबर 12101 (ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस), 12833 (हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस), 18452 (तपस्विनी एक्सप्रेस), 12129 (आजाद हिंद एक्सप्रेस), 12810 (हावड़ा-मुंबई मेल), 12102 (ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस), 18114 (बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस), 13352 (एलेप्पी-धनबाद एक्सप्रेस), 17007 (सिकंदराबाद-दरभंगा एक्सप्रेस), 18190 (एर्नाकुलम-टाटानगर एक्सप्रेस), 18005 (हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस) और 18403 (भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस) शामिल रहीं।

यह भी पढ़ें- ओडिशा: कालाहांडी में वेदांता किसानों को 'अपग्रेड' कर रही है, 41 गांवों में 'प्रोजेक्ट संगम' से लाभ का दावा