भयानक रूप ले रहा ‘अर्णव’ चक्रवात, ओडिशा में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; 150 km/h तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
चक्रवात 'अर्णव' धीरे-धीरे भीषण रूप ले रहा है और 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से टकराने की संभावना है।

एआई द्वारा बनाई गई सांकेतिक तस्वीर
HighLights
चक्रवात अर्णव 28 अक्टूबर को आंध्र तट से टकराएगा।
ओडिशा में 27-29 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी।
काकीनाडा के पास 165 किमी प्रति घंटे हवा संभव।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात ‘अर्णव’ धीरे-धीरे भयावह रूप ले रहा है। मौसम प्रणाली अवदाब में बदल चुकी है। रविवार को इसके गहरे अवदाब और सोमवार को चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुमान के अनुसार, समुद्र में और ताकत जुटाने के बाद यह अत्यंत भीषण चक्रवात (वेरी सीवियर साइक्लोन) का रूप ले सकता है।
28 अक्टूबर की सुबह यह आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचेगा। अनुमान है कि 28 अक्टूबर को दिन में करीब 11:30 बजे आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के दक्षिण में तट से टकरा सकता है।
उस समय यह अत्यंत भीषण चक्रवात की स्थिति में होगा। हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि हवा के झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की आशंका है।
वहीं, देर रात श्रीकाकुलम के आसपास भी चक्रवात के तट से टकराने की संभावना जताई गई है। जीएफएस और ईसीएमडब्ल्यूएफ मॉडल के अनुसार, तट पर पहुंचने के समय चक्रवात के केंद्र में वायुदाब 972 से 975 मिलीबार के बीच रह सकता है।
इससे संकेत मिलता है कि उस समय हवा की गति 140 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों की रफ्तार 165 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
ओडिशा में 27 और 28 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका
ओडिशा में 26 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। आइएमडी ने चेतावनी दी है कि 27 अक्टूबर को राज्य के कई इलाकों में बारिश होगी।
दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
28 अक्टूबर को चक्रवात का सबसे अधिक प्रभाव पड़ने की आशंका है। राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश हो सकती है। रायगड़ा, कोरापुट, गंजाम, गजपति और मलकानगिरी जिलों में अत्यंत भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की आशंका है। पश्चिमी और उत्तरी ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी से आ रहा है चक्रवाती तूफान, भारी बारिश के साथ चलेंगी 90 की रफ्तार से हवाएं; यूपी-बिहार तक दिखेगा असर
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, UP-MP और बिहार समेत 10 से अधिक राज्यों में आंधी बारिश का अलर्ट
