चक्रवात 'अर्णब' से कंधमाल में तबाही: भूस्खलन से 9 महीने के बच्चे समेत 3 की मौत; CM ने घोषित की सहायता राशि
ओडिशा के कंधमाल जिले में चक्रवात 'अर्णब' के कारण हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

भूस्खलन स्थल का मुआयना करने जाते मंत्री रवि नायक। (जागरण)
HighLights
चक्रवात अर्णब से ओडिशा में भूस्खलन।
कंधमाल में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत।
मुख्यमंत्री ने 12 लाख रुपये की सहायता घोषित की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई। कंधमाल जिले के राइकिया ब्लॉक के डांगेशी गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। मृतकों की पहचान अच्युत प्रधान, अनीषा प्रधान और उनके नौ माह के बेटे के रूप में हुई है।
गुरुवार को भूस्खलन के बाद पूरा परिवार लापता हो गया था। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने के बाद तीनों की मौत की पुष्टि हुई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री रवि नारायण नायक भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मंत्री ने बताया कि दो अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

भूस्खलन से बह गई सड़कें।
भूस्खलन के कारण जिले में कई स्थानों पर सड़कें बह गई हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
सीएम ने सहायता राशि देने का किया एलान
इस हादसे में तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा की है।
इसके तहत प्रत्येक मृतक के परिवार के निकटतम परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इस तरह तीनों मृतकों के परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में फिर बन रहा निम्न दबाव, ओडिशा-आंध्र प्रदेश में आंधी के साथ बारिश की आशंका