बंगाल की खाड़ी में फिर बन रहा निम्न दबाव, ओडिशा-आंध्र प्रदेश में आंधी के साथ बारिश की आशंका
बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है, जिससे ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आंधी के साथ बारिश की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवात 'अर्णब' के कमजोर पड़ने के बाद बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है, जिसके प्रभाव से ओडिशा व आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आंधी के साथ बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बन रहा निम्न दबाव धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा। शनिवार तक इसके दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में पहुंचने और वहां और अधिक शक्तिशाली होने की आशंका है। इसके बाद अगले दो दिनों में यह उत्तर की ओर बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंच सकता है। फिलहाल बंगाल के तटीय इलाकों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
दूसरी तरफ अर्णब उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए और कमजोर हो गया है। यह अब स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। अगले 24 घंटों में इसकी तीव्रता और घटेगी और यह सामान्य निम्न दबाव क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में बने रहने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल में अति भारी बारिश
दार्जिलिंग व जलपाईगुड़ी में अतिभारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों में सात से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कलिंपोंग व अलीपुरद्वार में भारी बारिश का अनुमान है। वहां सात से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है।
वहीं, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में अगले गुरुवार तक हल्की बारिश हो सकती है।
