विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवात 'अकवान' के असर से ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट, 'जीरो कैजुअल्टी' के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने झोंकी ताकत

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:39 PM (GMT+05:30)

चक्रवात अकवान के प्रभाव से ओडिशा में भारी बारिश हो रही है, जिससे राज्य सरकार ने 'शून्य जनहानि' का लक्ष्य ...और पढ़ें

जीरो कैजुअल्टी के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने झोंकी ताकत (सौ. जागरण)

जीरो कैजुअल्टी के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने झोंकी ताकत (सौ. जागरण)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान से ओडिशा में लगातार भारी बारिश जारी है।

  2. राज्य सरकार का लक्ष्य 'शून्य जनहानि' सुनिश्चित करना है।

  3. पुलिस निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान के प्रभाव से राजधानी भुवनेश्वर समेत प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में गुरुवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 

चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने पिछले चक्रवात के अनुभवों से सबक लेते हुए इस बार भी जीरो कैजुअल्टी (शून्य जनहानि) का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन के साथ कमिश्नरेट पुलिस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान तेज 

राजधानी भुवनेश्वर के निचले और जलभराव की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान तेज कर दिया गया है। 

पुलिस आयुक्त डॉ. एस. देवदत्त सिंह, आइपीएस के नेतृत्व में पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। लोगों को घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों और चक्रवात आश्रय स्थलों में पहुंचाने के साथ ही उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने का निर्देश 

इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस आयुक्त डॉ. एस. देवदत्त सिंह ने अतिरिक्त डीसीपी मानस गड़नायक, पुलिस आयुक्तालय मुख्यालय के अधिकारियों, एसीपी जोन-4, बालिपटना थाना प्रभारी (आईआईसी) और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बालिपटना ब्लॉक के कुरुंजीपुर ग्राम पंचायत का दौरा किया। उन्होंने चक्रवात को लेकर चलाए जा रहे निकासी अभियान और चक्रवात आश्रय स्थलों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि चक्रवात के दौरान किसी भी व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े। लगातार बारिश और संभावित जलभराव को देखते हुए निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के गोपालपुर से 530 किमी दूर है चक्रवात 'अकवान' का केंद्र, टकराने पर 120 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।