भुवनेश्वर में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, किराये के मकान से चल रहा था नेटवर्क; 16 गिरफ्तार
भुवनेश्वर के पाहाल इलाके में किराये के मकान से चल रहे एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने लाखों रुपये की ठगी की थी।

ओडिशा में 16 साइबर ठग गिरफ्तार
HighLights
भुवनेश्वर के पाहाल में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़।
किराये के मकान से चल रहा था अंतरराज्यीय ठगी का नेटवर्क।
पश्चिम बंगाल के 16 सदस्य गिरफ्तार, लाखों की ठगी का खुलासा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर के पाहाल इलाके में किराये के मकान में रहकर साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहे अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात छापेमारी कर तीन महिलाओं समेत गिरोह के 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
सभी आरोपित पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। इनके कब्जे से सात लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की गई हैं।
अलग-अलग लेनदेन के जरिये लाखों रुपये निकाल लिए
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का खुलासा पश्चिम बंगाल के राजारहाट में हुई साइबर ठगी की एक घटना की जांच के दौरान हुआ। 14 मई 2025 को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के राजारहाट इलाके के निवासी सौमित्र मंडल का मोबाइल फोन खो गया था।
इसके कुछ ही समय बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और आईसीआईसीआई बैंक खातों से बिना अनुमति 32 अलग-अलग लेनदेन के जरिये लाखों रुपये निकाल लिए गए थे। इस संबंध में राजारहाट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
डिजिटल साक्ष्यों से पाहाल तक पहुंची पुलिस
मोबाइल ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष टीम आरोपितों तक पहुंची। बुधवार रात करीब 12:45 बजे राजारहाट थाने की टीम भुवनेश्वर के पाहाल थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा। इसके बाद पाहाल थाना पुलिस और यूपीपीडी भुवनेश्वर की टीम ने संयुक्त रूप से संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से सभी 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अब्दुल इरशाद, तंजील अली, शेख नियाज, इरफान हुसैन, ओकाश-उर-रहमान, अदनान अली, विजय कुमार दास, नसीम अकरम खान, मोहम्मद अली अहमद, संदीप बारिक, सोनू शाह, केतन राणा, आसार अंजुम खान, पिनाली धर, फलाक कैनात और आशारी इमाम के रूप में हुई है।
एक महीने से किराये के मकान में था ठिकाना
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित पिछले करीब एक महीने से पाहाल इलाके के एक किराये के मकान में रहकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों, ठगी की रकम के लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
वहीं, किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराए बिना मकान किराये पर देने वाले मकान मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। पश्चिम बंगाल पुलिस मकान मालिक से भी पूछताछ कर सकती है। आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।