कटक में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, नाबालिग की झुलसकर मौत; बुजुर्ग गंभीर
कटक के हाथीपोखरी इलाके में एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

बिल्डिंग में लगी आग। (जागरण)
HighLights
कटक हाथीपोखरी में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगी।
आग में एक नाबालिग की मौत, बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलसे।
दमकल ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, कटक। कटक महानगर के हाथीपोखरी इलाके में एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
उनका कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
जानकारी के अनुसार, हाथीपोखरी इलाके में स्थित तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान इमारत से दो लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
हालांकि, इलाज के दौरान एक नाबालिग ने दम तोड़ दिया। वहीं, एक बुजुर्ग की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
फिलहाल इतनी भीषण आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद जहरीली हुई ओडिशा की हवा, केंदुझर के बिलेइपदा में AQI 288 पर पहुंचा